पंजाब में 24 अप्रैल को हाई अलर्ट! सायरन बजते ही 15 मिनट रहेगा ब्लैकआउट, युद्ध जैसी मॉक ड्रिल

अखंड केसरी ब्यूरो :- पंजाब में 24 अप्रैल की रात अचानक युद्धकाल जैसी स्थिति का माहौल देखने को मिलेगा, जब पूरे राज्य में सिविल डिफेंस की तैयारियों को परखने के लिए विशेष मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान रात 8 बजे से 8:15 बजे तक 15 मिनट का ब्लैकआउट किया जाएगा और सायरन बजते ही कई इलाकों की बिजली बंद कर दी जाएगी। प्रशासन के अनुसार यह अभ्यास किसी भी आपातकाल, प्राकृतिक आपदा, आतंकी खतरे या युद्ध जैसी स्थिति में जनता और सरकारी एजेंसियों की तत्परता जांचने के लिए किया जा रहा है। खास तौर पर लुधियाना में पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (PAU) और एग्रो नगर डिवीजन के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में यह मॉक ड्रिल प्रभावी रूप से लागू होगी। इस अभ्यास में NDRF, पुलिस, फायर ब्रिगेड, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, सिविल डिफेंस और NCC की टीमें पूरी तरह सक्रिय रहेंगी। लुधियाना की असिस्टेंट कमिश्नर पायल गोयल ने बताया कि यह सिर्फ बिजली बंद करने का अभ्यास नहीं, बल्कि एक रियल-टाइम इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम की टेस्टिंग है, जिससे यह पता लगाया जाएगा कि किसी संकट की घड़ी में प्रशासन और जनता कितनी तेजी से प्रतिक्रिया देती है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, बल्कि इसे जनहित में प्रशासन की तैयारी समझते हुए सहयोग करें। पंजाब में पहली बार इस तरह की व्यापक मॉक ड्रिल से लोगों में उत्सुकता के साथ-साथ सतर्कता भी देखी जा रही है।

Share This Article
Leave a comment