कांग्रेस भवन में एससी नेता से बदसलूकी मामला: आप नेता मलविंदर सिंह कंग ने बरिंदर ढिल्लों को बताया ‘रेत माफिया’, दस्तावेज़ जारी कर कांग्रेस को घेरा

- Advertisement -

चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्य प्रवक्ता व सांसद मलविंदर सिंह कंग ने चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पंजाब कांग्रेस और युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष बरिंदर सिंह ढिल्लों पर तीखा हमला बोला है। कंग ने कांग्रेस भवन में वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री गुरकीरत सिंह कोटली के करीबी तखानमाजरा के साथ हुई कथित बदसलूकी और मारपीट को दलित (एससी) समाज का खुला अपमान करार दिया। उन्होंने कहा कि पीड़ित नेता न्याय के लिए दर-दर भटक रहे हैं और आत्मदाह तक की चेतावनी दे चुके हैं, लेकिन कांग्रेस हाईकमान ने आरोपी बरिंदर ढिल्लों पर सख्त कार्रवाई करने के बजाय उन्हें राहुल गांधी की रैली में मंच पर जगह दी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अदालत और सरकारी रिकॉर्ड के दस्तावेज़ सार्वजनिक करते हुए मलविंदर सिंह कंग ने आरोप लगाया कि बरिंदर ढिल्लों कोई साधारण नेता नहीं बल्कि कांग्रेस द्वारा पाले गए बड़े रेत माफिया का हिस्सा रहे हैं। कंग ने दावा किया कि मात्र 29 साल की उम्र में, एलएलबी की पढ़ाई बीच में छोड़कर, ढिल्लों जालंधर के गग दगड़ा (करीब 60 एकड़) और रोपड़ जिले की दयापुर-सूरेवाल-नानगरा रेत खदानों के 4 करोड़ रुपये सालाना से अधिक के ठेकेदार बन गए थे। उन्होंने पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में ढिल्लों द्वारा दायर याचिका की प्रतियां दिखाते हुए कहा कि 2013 से 2022 के बीच पंजाब में खनन करने वाले और गुंडा टैक्स वसूलने वाले नेटवर्क में ढिल्लों की सीधी हिस्सेदारी रही है। कंग ने राहुल गांधी के ‘मोहब्बत की दुकान’ के नारे पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस भवन में हुई गुंडागर्दी और माफिया तंत्र को संरक्षण देना ही कांग्रेस की असली कार्यप्रणाली बन चुका है।

Share This Article
Leave a comment