अमृतसर ब्यूरो :- अमृतसर देहाती पुलिस ने एक केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी के साथ मिलकर चलाए गए संयुक्त अभियान में अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की अंतरराज्यीय व सीमा पार तस्करी करने वाले कई नेटवर्कों का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने एक आरपीजी (22 NETTO), दो अवैध पिस्तौल, 106 जिंदा कारतूस, 7.904 किलोग्राम हेरोइन, 5.152 किलोग्राम अफीम, 2.344 किलोग्राम आइस (मैथामफेटामाइन), एक ड्रोन, एक जीपीएस ट्रैकर और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों के लगातार संपर्क में थे, जो आपराधिक तत्वों और संगठित गिरोहों तक अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप पहुंचाने का काम कर रहे थे। इस संबंध में अमृतसर के थाना घरिंडा, थाना लोपोके और थाना भिंडी सैदां में विभिन्न धाराओं के तहत अलग-अलग प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की गई हैं। पुलिस द्वारा इस पूरे सिंडिकेट के आगे और पीछे के संपर्कों (बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज) को खंगालने तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य साथियों की पहचान के लिए गहन जांच जारी है। पंजाब पुलिस ने दोहराया है कि राज्य को सुरक्षित और नशा मुक्त बनाने के लिए ऐसे अवैध नेटवर्कों को जड़ से खत्म करने का अभियान निरंतर जारी रहेगा।

