जालंधर– होशियारपुर के पुलिस थाना टांडा के SHO गुरिंदरजीत सिंह नागरा को 4 लाख डॉलर की फिरौती केस में लाइन हाजिर कर दिया गया है। अमेरिका के अटॉर्नी जनरल ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में नागरा का नाम लिया था। जनरल ने फिरौती के मामले में कई खुलासे किए। इसमें भारत की जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस और जग्गू भगवानपुरिया के खिलाफ अमेरिका में हत्या समेत कई मामलों में ट्रायल की बात कही गई।
अमेरिका के अटॉर्नी का वीडियो सामने आने के बाद पंजाब में मामला गरमा गया है। अकाली नेता बिक्रम मजीठिया, कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने X पर पोस्ट कर भ्रष्ट पुलिस मुलाजिमों को लेकर AAP की मान सरकार को घेरा है।
वहीं, गुरिंदरजीत सिंह ने कहा कि उनके नाम से अमेरिका से वीडियो वायरल हो रहा है। उनको इस बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं है। एजेंसी से बात करने के बाद ही कुछ कह पाएंगे। उनके किसी खाते में कभी कोई पैसा नहीं आया। ये आरोप निराधार हैं।
DIG ऑफिस से जारी आदेश….

DIG के आदेश में अहम बातें…
- नागरा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू: डीआईजी जालंधर रेंज दफ्तर की तरफ से जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि पंजाब पुलिस ने मीडिया रिपोर्टों और सोशल मीडिया पोस्ट पर कड़ा संज्ञान लेते हुए होशियारपुर जिले के टांडा थाने में तैनात इंस्पेक्टर गुरिंदरजीत सिंह नागरा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है।
- वसूली केस में नाम आने का दावा: सामने आई रिपोर्टों के अनुसार अमेरिकी जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) द्वारा ऑपरेशन हार्डबॉल के तहत वसूली से संबंधित मामले की जांच की जा रही है, जिसमें कथित तौर पर इंस्पेक्टर नागरा का नाम शामिल होने की बात कही गई है।
- SHO पद से हटाकर पुलिस लाइन भेजा: पंजाब पुलिस ने तत्काल प्रभाव से मामले से जुड़े तथ्यों की जांच तक इंस्पेक्टर गुरिंदरजीत सिंह नागरा को तुरंत प्रभाव से टांडा थाना प्रभारी के पद से हटाकर होशियारपुर पुलिस लाइन भेज दिया है।
- जालंधर देहात के SP को जांच सौंपीं: आईजी दफ्तर की तरफ से बताया गया है कि डीआईजी जालंधर रेंज ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं। इसकी जिम्मेदारी जालंधर देहात के SP (इन्वेस्टिगेशन) को सौंपी गई है। जांच अधिकारी को सभी आरोपों और प्रासंगिक तथ्यों की गहन समीक्षा कर जल्द से जल्द विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
