अमृतसर में CM तीर्थ यात्रा बस पर हमला : देहात पुलिस ने 2 युवकों को किया गिरफ्तार; गोल्डन टेंपल से वाघा बॅार्डर जाते समय वारदात

अमृतस​र अमृतसर में मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा बस पर हमले के मामले में अमृतसर देहाती पुलिस ने 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। मामला थाना घरिंडा क्षेत्र का है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धाराओं 281, 125A, 126(2), 351 और 109 के तहत मामला दर्ज किया है।

शिकायत के अनुसार, मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं से भरी बस वाघा बॉर्डर की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में 2 युवकों ने अपनी गाड़ी बस के आगे लगाकर उसका रास्ता रोक दिया। आरोप है कि दोनों युवकों ने बस में सवार लोगों के साथ गाली-गलौज की और हाथापाई करने की कोशिश की।

गाड़ी से बेसबॉल बैट और गंडासा लेकर हमला

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि दोनों युवक अपनी गाड़ी से बेसबॉल बैट और गंडासा लेकर बाहर आए और बस पर हमला करने का प्रयास किया। घटना के समय बस में करीब 45 श्रद्धालु सवार थे। इनमें लगभग 80 प्रतिशत महिलाएं और 20 प्रतिशत बुजुर्ग शामिल थे।

आरोप है कि इसी दौरान एक दिव्यांग श्रद्धालु को भी धक्का मारकर नीचे गिरा दिया गया। घटना के बाद बस में सवार श्रद्धालुओं में डर का माहौल पैदा हो गया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब सीसीटीवी खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment