जालंधर की मुस्लिम कॉलोनी में पुलिस की छापेमारी, बंद कमरों से मिलीं कटी तारों से भरी बोरियां

- Advertisement -
Punjab Government
जालंधर– जालंधर के मुस्लिम कॉलोनी स्थित किराए के मकान से पुलिस ने में चोरी की तारें बरामद की हैं। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बंद कमरों के ताले खुलवाकर जांच की तो वहां से कटी हुई तारों से भरे कई बोरे मिले। कमरे में रहने वाला किराएदार पुलिस के फोन करने के बावजूद मौके पर नहीं पहुंचा और लगातार बहाने बनाता रहा। इसके बाद पुलिस ने मकान मालिक की मदद से कार्रवाई करते हुए सारा सामान जब्त कर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

मुस्लिम कॉलोनी के कुछ बंद कमरों में चोरी का सामान छिपाकर रखा

यह पूरा मामला जालंधर के रामामंडी थाना क्षेत्र का है। पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि मुस्लिम कॉलोनी के कुछ बंद कमरों में चोरी का सामान छिपाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही थाना रामामंडी की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि संबंधित कमरे बाहर से बंद थे। इसके बाद पुलिस ने कमरों में रहने वाले युवक से फोन पर बात की और उसे तुरंत वहां आने को कहा। हालांकि, युवक ने पुलिस के साथ टालमटोल करना शुरू कर दिया और मौके पर आने से इंकार करता रहा।

पुलिस को मिली तारों से भरी बोरियां - Dainik Bhaskarपुलिस को मिली तारों से भरी बोरियां

पुलिस ने घर की तलाशी ली तो तारे मिली

संदेह होने पर जांच अधिकारी एएसआई गुरदीप सिंह और पुलिस टीम ने मकान मालिक गुरविंदर सिंह से संपर्क किया। मकान मालिक की मौजूदगी में बंद कमरों के ताले खुलवाए गए। जब पुलिस ने अंदर जाकर तलाशी ली, तो वहां कटी हुई तारों से भरे कई बोरे बरामद हुए। पुलिस ने तुरंत इन सभी बोरों को अपने कब्जे में ले लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए थाने भिजवा दिया।

चार महीने पहले मकान किराए पर लिया था आरोपी

मकान मालिक गुरविंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि उसने लगभग चार महीने पहले रमजान नाम के एक युवक को यह कमरा किराए पर दिया था। कमरे लेते समय रमजान ने खुद को कबाड़ का कारोबारी बताया था। मकान मालिक का कहना है कि जब पुलिस ने कमरे में चोरी का सामान होने की बात कही, तो वह खुद हैरान रह गया, क्योंकि उसे इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उसने भी रमजान को कई बार फोन करके मौके पर बुलाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं आया।

आरोपी को थाने पर बुलाया

मामले की जानकारी देते हुए एएसआई गुरदीप सिंह ने बताया कि बरामद तारों को जब्त कर लिया गया है। आरोपी किराएदार को पूछताछ के लिए थाने में हाजिर होने का निर्देश दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि आरोपी समय पर थाने में पेश नहीं होता है, तो उसके खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये तारें कहां से चुराई गई थीं और इस गिरोह में कौन-कौन शामिल है।

Share This Article
Leave a comment