दिन-दिहाड़े और वो भी सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम माने जाने वाले कोर्ट कॉम्प्लेक्स के बाहर पुलिसकर्मी की इस हालत को देखकर राहगीर भी हैरान रह गए। वीडियो वायरल होने के बाद आम जनता में भारी आक्रोश है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जो विभाग शहर को नशा मुक्त कराने का जिम्मा उठाए हुए है, जब उसके अपने ही नुमाइंदे ऐसी हरकतों में लिप्त होंगे तो कानून-व्यवस्था पर जनता का विश्वास कैसे कायम रहेगा।

कोर्ट कॉम्प्लेक्स के सामने पड़ा मिला मुलाजिम
वायरल वीडियो में दिख रहे पुलिस कर्मचारी की पहचान पीसीआर दस्ते में तैनात गुरजीत सिंह के रूप में हुई है। यह शर्मनाक वाकया शहर के सबसे संवेदनशील इलाकों में से एक, कोर्ट कॉम्प्लेक्स के ठीक सामने का है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वर्दीधारी कर्मचारी नशे में इस कदर धुत है कि उसने अपना मानसिक व शारीरिक संतुलन पूरी तरह खो दिया है और उसे अपने आसपास का कोई होश नहीं है।
खुले दरवाजे की ‘पंजाब पुलिस’ लिखी कार और अंदर रखा कैन
घटनास्थल का दृश्य गंभीर सवाल खड़े करता है। बेसुध पड़े कर्मचारी के ठीक पास सफेद रंग की एक स्विफ्ट कार खड़ी है, जिस पर ‘पंजाब पुलिस’ लिखा हुआ है। गाड़ी के चालक की तरफ का दरवाजा खुला था, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि नशे की हालत में कार से उतरते ही कर्मचारी सीधे सड़क पर जा गिरा। कार की अगली सीट पर ‘Police’ लिखा ऑफिशियल टैग टंगा है और पास में ही एक बड़ा प्लास्टिक का कैन भी रखा दिखाई दे रहा है।

