पुलिस ने CCTV फुटेज चेक किए। जिसमें एक युवक नजर आया। उसे पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पुलिस ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। अश्वनी शर्मा का घर पठानकोट की न्यू बैंक कॉलोनी में स्थित है। वह घटना के वक्त घर पर मौजूद नहीं थे। हालांकि इस पर अभी तक उनकी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


सुबह करीब 4:30 बजे चंडीगढ़ रवाना हुए थे शर्मा
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 4:30 बजे अश्वनी शर्मा अपने निवास से चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए थे। इसके करीब एक घंटे बाद सुबह लगभग 5:30 बजे उनके घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, खुफिया एजेंसियां, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए। पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की गई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
CCTV फुटेज से खुला मामला
जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में एक स्थानीय युवक दिखाई दिया। युवक की पहचान अभिषेक के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उसी ने तेज आवाज वाला पटाखा फोड़ा था, जिससे लोगों को धमाके का आभास हुआ।

पटाखा छोड़ने वाला युवक हिरासत में पुलिस ने एहतियात के तौर पर युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अभिषेक की किराना की दुकान है। दुकान के साथ ही खाली प्लॉट है, जहां पटाखा चलाया। इसी पटाखे की चिंगारी से कार के शीशे पर लगा सन प्रोटेक्टर भी जल गया।
एसपी बोले-घबराने की बात नहीं मौके पर पहुंचे एसपी मनोज ठाकुर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी विस्फोटक सामग्री के इस्तेमाल के संकेत नहीं मिले हैं। जांच में यह सामने आया है कि स्थानीय युवक अभिषेक ने पटाखा चलाया था। उससे पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच जारी है। एसपी सुखविंदर पाल सिंह का कहना है कि इस घटना का कोई आतंकी कनेक्शन नहीं मिला है। पुलिस पूरी तरह सतर्क है।

युवक से लिखित माफीनामा लिया जाएगा
थाना डिवीजन नंबर एक की प्रभारी अमनदीप कौर का कहना है कि युवक से लिखित में माफीनामा लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मामला संजीदा था। हालांकि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। फिलहाल पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है

