जलंधर(अंकित भास्कर ):- 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल स्थानीय गुरु गोविंद सिंह स्टेडियम में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस दौरान डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ डीसीपी परमिंदर सिंह हीर और अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमनिंदर कौर भी उपस्थित रहे। परेड कमांडर आतिश भाटिया के नेतृत्व में आईटीबीपी, पंजाब पुलिस (पुरुष व महिला विंग), पीआरटीसी जहान खेलां, पंजाब होम गार्ड्स, एनसीसी (लड़के व लड़कियां), और विभिन्न विद्यालयों के स्काउट्स व गर्ल्स गाइड्स की टुकड़ियों द्वारा शानदार मार्च पास्ट निकाला गया, जिसकी सलामी डिप्टी कमिश्नर ने ली। मार्च पास्ट के उपरांत विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने मास पीटी शो और देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
रिहर्सल के बाद अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि 15 अगस्त को आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस महत्वपूर्ण आयोजन को सुचारू और निर्विघ्न रूप से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग, बैठने की व्यवस्था, पेयजल और साफ-सफाई के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों के परिवारों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों और विभागीय कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। डिप्टी कमिश्नर ने समस्त जलंधर निवासियों को इस राष्ट्रीय पर्व में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
