जालंधर/रमेश बद्धन
आरोपी ने बताया कि वह नशे की लती है। नशे का इंतजाम करने के लिए उसने वारदात का प्रयास किया। उसका यह भी आरोप है कि उसे नशे का सप्लायर जबर्दस्ती यह वारदात कराता है। न करने पर पीटता है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।

पीड़ित ने हिम्मत दिखाकर दौड़ा, लोगों ने की मदद
जानकारी के अनुसार, पीड़ित विजय कुमार अपनी साइकिल पर सवार होकर दोपहर का लंच करने के लिए घर जा रहा था। जैसे ही वह राम नगर फाटक के पास पहुंचा, तो पीछे से आए एक मोटरसाइकिल सवार युवक ने पलक झपकते ही विजय की जेब से मोबाइल फोन उड़ा लिया और तेजी से भागने लगा।
अचानक हुई इस झपटमारी के बाद विजय कुमार घबराया नहीं। उसने तुरंत अपने एक साथी की मदद ली और लुटेरे का पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ ही दूरी पर जाकर स्थानीय लोगों के सहयोग से आरोपी को चारों तरफ से घेरकर काबू कर लिया गया। पकड़े जाने के बाद भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपी को खंभे से बांधकर सबक सिखाया।
नशे का लती आरोपी ने बताया कैसे अपराध के जाल में फंसा
पकड़े गए आरोपी की पहचान रंजीत के रूप में हुई है। पुलिस और लोगों के सामने उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए चौंकाने वाले खुलासे किए। रंजीत ने दावा किया कि उसने पहली बार इस तरह की वारदात की है। वह नशा करने का आदी है और नशे की खुराक का इंतजाम करने के लिए ही उसने मोबाइल छीना था।
वारदात न करने पर आशु शटर बंद कर पीटता है”
आरोपी ने आरोप लगाया कि यह चोरी उसने संजय गांधी नगर (गली नंबर 6) के रहने वाले ‘आशु’ के उकसाने पर की है, जो सब्जी मंडी में काम करता है। रंजीत का कहना है कि आशु उससे जबरन अपराध करवाता है। यदि वह बात नहीं मानता, तो आशु कमरे का शटर बंद करके उसकी बेरहमी से पिटाई करता है।
काले रंग की स्पलेंडर बाइक जब्त, जांच जारी
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने उस काले रंग की स्पलेंडर मोटरसाइकिल (PB 08 FY 0329) को भी अपने कब्जे में ले लिया, जिससे आरोपी वारदात को अंजाम दे रहा था। सच्चाई का पता लगाने के लिए स्थानीय लोगों ने बाइक के असल मालिक को भी मौके पर बुलवाया।
पुलिस आरोपी को किया गिरफ्तार, बाइक जब्त
सूचना मिलते ही थाना 1 की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी रंजीत और मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के बयानों और बाइक के दस्तावेजों की गहनता से जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आशु और रंजीत के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
