जेल से बाहर आते ही अमृतपाल की पहली तस्वीर आई सामने, असम से पंजाब के लिए रवाना

- Advertisement -

अमृतसर– पंजाब के खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को पुलिस टीम असम की डिब्रूगढ़ जेल से लेकर रवाना हो चुकी है। इसकी पहली तस्वीर भी सामने आई है। वह पहले जेल से बाहर आते फिर एयरपोर्ट पर अंदर जाते दिखे।

पुलिस की टीम अमृतपाल सिंह को लेकर पहले दिल्ली पहुंचेगी और वहां से पंजाब के लिए फ्लाइट में लेकर जाएगी। वह साढ़े 3 साल के बाद जेल से बाहर आ रहे हैं।

सांसद कल (21 नवंबर) पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा (अमृतसर) में दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। उनका 8 नवंबर को निधन हो गया था। इसके लिए अमृतसर कोर्ट ने 12 बजे से 3 बजे के लिए 3 घंटे की कस्टडी पैरोल दी है। अमृतपाल सिंह को अभी कहां रखा जाएगा इसकी सुरक्षा कारणों से जानकारी नहीं दी गई है। अमृतपाल को लाने और वापस ले जाने के लिए परिवार ने पुलिस के खाते में 10 लाख रुपए जमा करवाए हैं।

असम के एयरपोर्ट पर पुलिस टीम के साथ सांसद अमृतपाल सिंह। - Dainik Bhaskarअसम के एयरपोर्ट पर पुलिस टीम के साथ सांसद अमृतपाल सिंह।

पंजाब पुलिस की टीम सांसद अमृतपाल को असम से लेकर रवाना हुई।
पंजाब पुलिस की टीम सांसद अमृतपाल को असम से लेकर रवाना हुई।

माहौल बिगड़ा तो अमृतपाल को तुरंत ले जाएगी पुलिस

अमृतपाल सिंह की पैरोल के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति में पुलिस को उन्हें तुरंत वापस ले जाने का अधिकार दिया गया है। अमृतसर कोर्ट ने सरकार और पुलिस को अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए यह छूट दी है।

कोर्ट के आदेश के मुताबिक, अगर अंतिम संस्कार के दौरान कानून-व्यवस्था भंग होती है, कोई अप्रिय घटना होती है या फिर ऐसी स्थिति पैदा होने की आशंका भी नजर आती है, तो पुलिस अमृतपाल को तुरंत संस्कार स्थल से हटा सकती है।

सांसद अमृतपाल सिंह के गांव जल्लूपुर खेड़ा (अमृतसर) में उनकी दादी के अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं। अंतिम संस्कार अमृतपाल सिंह के खेतों में किया जाएगा।
सांसद अमृतपाल सिंह के गांव जल्लूपुर खेड़ा (अमृतसर) में उनकी दादी के अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं। अंतिम संस्कार अमृतपाल सिंह के खेतों में किया जाएगा।

तुरंत पंजाब से बाहर ले जा सकती है पुलिस

कोर्ट ने सरकार को यह अधिकार भी दिया है कि जरूरत पड़ने पर अमृतपाल को सिर्फ अंतिम संस्कार स्थल से ही नहीं, बल्कि तुरंत पंजाब से बाहर भी ले जाया जा सकता है। यानी पैरोल की निर्धारित अवधि पूरी होने का इंतजार किए बिना सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के मद्देनजर उन्हें वापस ले जाने का फैसला लिया जा सकेगा।

पुलिस के खाते में 10 लाख रुपए जमा कराए

सांसद को असम की डिब्रूगढ़ जेल से अमृतसर लाने और वापस ले जाने के लिए उनके परिवार ने पुलिस के सरकारी खाते में 10 लाख रुपए जमा करवाए हैं। 7 लाख 84 हजार रुपए टिकटों पर खर्च होंगे। इसमें अमृतपाल सिंह और 5 पुलिस मुलाजिमों की आने-जाने की टिकटें शामिल हैं।

3 दिन की कस्टडी पैरोल को लेकर हाथ खड़े किए

यह भी सामने आया कि 3 दिन की कस्टडी पैरोल को लेकर पंजाब पुलिस ने हाथ खड़े कर दिए कि उनके पास इतने दिन सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम नहीं है। वह सिर्फ 3 घंटे तक ही व्यवस्था कर सकते हैं। इसी वजह से कोर्ट ने अमृतपाल को 21 नवंबर को दोपहर 12 से 3 बजे तक की ही कस्टडी पैरोल दी है।

अमृतपाल सिंह की मां बलविंदर कौर।
अमृतपाल सिंह की मां बलविंदर कौर।

मां बोलीं- कोर्ट के फैसले का सम्मान

अमृतपाल सिंह की मां बलविंदर कौर ने कहा कि कोर्ट के फैसले का वह सम्मान करते हैं। कल अमृतपाल को सबसे पहले घर पर लाया जाएगा। इसके बाद ही वह अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। बलविंदर कौर ने कहा कि वह किसी से नहीं मिल सकेंगे।

अमृतपाल के गांव में पत्रकारों से बातचीत करते अमृतसर देहात के एसएसपी कंवलप्रीत सिंह।
अमृतपाल के गांव में पत्रकारों से बातचीत करते अमृतसर देहात के एसएसपी कंवलप्रीत सिंह।

SSP बोले- सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए

अमृतसर देहात के एसएसपी कंवलप्रीत सिंह ने बताया कि अमृतपाल सिंह की दादी के अंतिम संस्कार के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस, डीएसपी, एसपी और सिक्योरिटी ब्रांच की टीमें तैनात रहेंगी। कोर्ट के आदेशानुसार अमृतपाल को दोपहर 12 से 3 बजे तक आने की अनुमति है।

SSP ने कहा- हथियार लेकर न आएं

परिवार से चर्चा कर उनके आने का तरीका तय किया जा रहा है। पहले वह गांव में अंतिम रस्में निभाएंगे, फिर सेफ हाउस में रहेंगे और अंतिम संस्कार के समय वापस लाए जाएंगे। नागोके और रईया मार्गों पर पुलिस तैनात रहेगी। एसएसपी ने लोगों से हथियार न लाने और शांति बनाए रखने की अपील की।

Share This Article
Leave a comment