अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर के एसीपी सेंट्रल श्री राजेश ठाकुर (पीपीएस) ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि आज दिनांक 20 नवंबर 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक महिला के साथ चेन स्नैचिंग की वारदात दिखाई दे रही है। उन्होंने बताया कि पीड़िता की पहचान शहीद उधम सिंह नगर निवासी नीरू बाला के रूप में हुई है, जो चिंतपूर्णी मंदिर से माई हीरां गेट की ओर अपने घर लौट रही थीं, तभी मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाश कथित तौर पर उनके गले से सोने की चेन झपटकर मौके से फरार हो गए। इस संबंध में थाना डिवीजन नंबर 4 में एफआईआर नंबर 187/26 दर्ज कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से आरोपियों की पहचान करने के लिए मामले की गहनता से जांच कर रही है। एसीपी ठाकुर ने आश्वासन दिया कि दोनों आरोपियों की जल्द से जल्द शिनाख्त कर उन्हें गिरफ्तार करने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।


