जालंधर (अखंड केसरी ब्यूरो): जनगणना-2027 के दूसरे चरण के अंतर्गत नागरिकों को घर बैठे ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा प्रदान की जा रही है, जिसके तहत लोग 16 से 30 नवंबर तक अपने परिवार से जुड़ी आवश्यक जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल)-कम-जिला सेंसस अधिकारी अमनिंदर कौर ने बताया कि नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन भर सकते हैं। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से इस डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा सही और संपूर्ण जानकारी दर्ज करने की अपील की है। एडीसी ने आगे बताया कि स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर आबादी की गणना करेंगे, जिसके दौरान घरों, परिवारों और व्यक्तियों से संबंधित आंकड़े एकत्र किए जाएंगे। जिन नागरिकों द्वारा पहले ही ऑनलाइन स्व-गणना कर ली जाएगी, उन्हें केवल अपनी स्व-गणना आईडी घर आने वाले प्रगणक के साथ साझा करनी होगी, और यदि कोई विवरण दर्ज होने से रह गया हो तो उसे उस समय पूरा करवाया जा सकेगा। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि जनगणना के आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण का मुख्य आधार होते हैं, इसलिए इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को सुचारू और सफल बनाने में प्रत्येक नागरिक का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।


