जालंधर में क्यूरों मॉल के पास स्थित न्यू कलगीधर कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक रिहायशी घर में अचानक आग लग गई। घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए घटना की जानकारी दमकल विभाग को दी।
हादसे के वक्त घर पर कोई नहीं था
मामले की जानकारी देते हुए डीजे संचालक ने बताया कि हादसे के वक्त घर पर कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। उन्हें दोपहर करीब 1 बजे फोन पर सूचना मिली कि उनके घर में आग लग गई है। खबर मिलते ही वह आनन-फानन में दमकल टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक घर के अंदर रखा डीजे का कीमती सामान और स्क्रीन पूरी तरह से जलकर राख हो चुकी थी। पीड़ित के अनुसार, अभी तक आग से हुए कुल आर्थिक नुकसान का सही आकलन नहीं किया जा सका है। शुरुआती जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
सूचना मिलते दमकल की गांड़ी मौके पर पहुंंची
दूसरी ओर, दमकल कर्मी नरेश कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम को कलगीधर कॉलोनी के एक घर में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही टीम तुरंत गाड़ी लेकर घटनास्थल पर पहुंची। दमकल कर्मियों को मौके पर घर बंद मिला और अंदर कोई भी व्यक्ति नहीं था।
टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद समय रहते आग को बुझा दिया, जिससे आग आसपास के घरों तक नहीं फैल सकी। दमकल अधिकारी के मुताबिक, इस हादसे में घर में रखा सामान तो काफी जल गया है, लेकिन किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है।



