यह पूरा मामला जालंधर के रामामंडी क्षेत्र का है। यहां रहने वाली एक युवती की शादी 18 नवंबर को होनी तय हुई थी। शादी की तैयारियों के बीच दोनों परिवार काफी खुश थे।
दोनों परिवारों के लोग प्री-वेडिंग शूट पर गए थे
शादी से कुछ दिन पहले दोनों परिवारों के लोग प्री-वेडिंग शूट के लिए गए थे। शूट के दौरान अचानक युवक वहां से अधूरा काम छोड़कर चला गया। इसके बाद उसने लड़की को मैसेज भेजकर साफ कह दिया कि भविष्य में उसे कोई फोन या मैसेज न किया जाए। इतना ही नहीं, युवक ने लड़की का मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया।
लड़की की मां का आरोप है कि लड़के के इस अचानक बदले व्यवहार से पूरा परिवार सदमे में है। प्री-वेडिंग शूट से वापस लौटने का कारण पूछने पर युवक ने अपने ताया जी की मौत होने का बहाना बनाया था। हालांकि, जब लड़की वालों ने लड़के की मां से इस बारे में बात की, तो उन्होंने घर में किसी भी तरह की मौत होने से साफ इनकार कर दिया। इससे लड़की के परिवार का शक और गहरा गया।
पीड़ित परिवार ने लड़के और उसके घरवालों से फोन पर बात करने के साथ-साथ उनके घर जाकर भी संपर्क करने की बहुत कोशिश की, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। बाद में लड़के वालों ने बिचौलिए के जरिए बात की, लेकिन युवक कहां है, इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई।
पिछले तीन दिनों से भटकने के बाद आखिरकार लड़की के परिवार ने पुलिस की शरण ली है। इस मामले में एसीपी राजेश ठाकुर ने बताया कि शादी 18 नवंबर को तय थी, लेकिन 13 या 14 नवंबर को लड़के वालों की तरफ से शादी के लिए मना कर दिया गया।

पुलिस मामले की जांच में जुटी
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद दोनों पक्षों और बिचौलियों को बुलाकर उनके बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं। लड़के के परिवार का कहना है कि शादी से इनकार करने वाले दिन के बाद से उन्हें भी अपने बेटे के ठिकाने के बारे में कुछ पता नहीं है। पुलिस फिलहाल रिश्ता टूटने की असली वजह जानने में जुटी है और जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट रामामंडी थाने भेजकर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


