जालंधर: 6 साल की बच्ची की मां को पति-सास ने जबरन पिलाया टॉयलेट क्लीनर, मजिस्ट्रेट को दिए बयान के बाद तोड़ा दम

जालंधर :- पंजाब के जालंधर अंतर्गत करतारपुर में मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पति के अवैध संबंधों का विरोध करने पर एक महिला को जबरन टॉयलेट क्लीनर (हार्पिक) पिलाकर मार डाला गया। मृतका की पहचान संगरूर के धूरी निवासी 28 वर्षीय नेहा के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब 7 साल पहले करतारपुर के उमंग बस्सी से हुई थी और दोनों की एक 6 साल की बेटी भी है। आरोप है कि नेहा को जब अपने पति के सतनाम कौर नामक युवती के साथ चल रहे अवैध संबंधों की जानकारी मिली, तो उसने इसका कड़ा विरोध किया। इसी बात को लेकर घर में लगातार कलह होने लगी और 19 अगस्त को विवाद इतना बढ़ गया कि पति उमंग बस्सी और सास कुसुम बस्सी ने मिलकर उसे जबरन हार्पिक पिला दिया।

हालत गंभीर होने पर उसे फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत के बीच जूझती रही। बोलने की स्थिति में न होने के कारण नेहा ने ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के समक्ष लिखित बयान दर्ज कराया, जिसमें उसने पति और सास पर जबरन केमिकल पिलाने का गंभीर आरोप लगाया। बयान दर्ज होने के बाद आरोपी पति अपनी मां और 6 वर्षीय मासूम बच्ची को लेकर अस्पताल से फरार हो गया। इलाज के दौरान आखिरकार पीड़िता ने दम तोड़ दिया।

मृतका के भाई अमरीश कुमार ने आरोप लगाया कि उन्हें घटना की जानकारी 24 घंटे बाद दी गई और पुलिस की ढिलाई के कारण आरोपी पति शुक्रवार सुबह तक अस्पताल में खुलेआम घूमता रहा और फिर भाग निकला। मृतका के मजिस्ट्रेट को दिए बयानों के आधार पर करतारपुर पुलिस ने आरोपी पति उमंग बस्सी और सास कुसुम बस्सी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 123, 109 और 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीमों द्वारा दोनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Share This Article
Leave a comment