जालंधर के मॉडल टाउन में सैलून के बाहर फायरिंग की खबर फर्जी: पार्किंग विवाद में हुई थी मारपीट, पुलिस ने किया स्पष्ट

जालंधर: जालंधर के पॉश इलाके मॉडल टाउन स्थित चुनमुन मॉल के पास ‘लुक यूनिसेक्स सैलून’ (LOOKS UNISEX Salon) में गोलीबारी की घटना को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और दावों पर जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने विराम लगा दिया है। एसीपी मॉडल टाउन, मनमोहन सिंह (PPS) ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर चल रही फायरिंग की खबर पूरी तरह से निराधार और फर्जी है।

पुलिस के अनुसार, थाना डिवीजन नंबर 6 के अंतर्गत आने वाले इस क्षेत्र में सैलून की इमारत में वैले पार्किंग का काम करने वाले 62 वर्षीय राम स्वरूप (निवासी लांबड़ा आबादी, जालंधर) का पास ही स्थित शराब के अहाते में आए कुछ लोगों के साथ वाहन खड़ा करने को लेकर विवाद हो गया था। यह कहासुनी देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई, जिसमें राम स्वरूप को चोटें आईं। घायल को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका एमएलआर (MLR) काटा गया। इसके बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए जोहल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस टीम घायल का बयान दर्ज करने अस्पताल पहुंची। हालांकि, डॉक्टरों ने घायल की स्थिति को देखते हुए उन्हें फिलहाल बयान देने के लिए अनफिट घोषित किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डॉक्टरों द्वारा फिट घोषित किए जाने के बाद पीड़ित के आधिकारिक बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मौके पर जाकर पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की, जिसमें स्पष्ट हुआ कि वहां किसी भी प्रकार की कोई गोलीबारी नहीं हुई है। पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल हो रही ऐसी भ्रामक और फर्जी खबरों पर विश्वास न करें और न ही इन्हें साझा करें।

Share This Article
Leave a comment