अखंड केसरी ब्यूरो :- पंजाब राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन चंदन ग्रेवाल ने आज नगर काउंसिल कार्यालय गोराया का दौरा कर शहर की सफाई व्यवस्था का गहन जायजा लिया और सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर एक विशेष बैठक की। इस दौरान उन्होंने शहर में स्थित विभिन्न कूड़ा डंपों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा कूड़े के डंपों की समय-समय पर सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि कचरे का सही ढंग से निपटान हो सके। चेयरमैन श्री ग्रेवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य के शहरों और कस्बों को साफ-सुथरा एवं सुंदर बनाने के लिए निरंतर विशेष प्रयास कर रही है। सफाई कर्मचारियों को व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार और आयोग नगर निगमों, नगर काउंसिलों व नगर पंचायतों में कार्यरत कर्मचारियों की भलाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और उनके हर मुद्दे को सरकार तक पहुंचाकर उचित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, श्री ग्रेवाल ने गोराया के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर नतमस्तक होकर राज्य की खुशहाली और प्रगति की अरदास की, जहां धार्मिक संगठनों द्वारा उनका गर्मजोशी से सम्मान भी किया गया। इस अवसर पर तहसीलदार गुरप्रीत सिंह, कार्यकारी अधिकारी बिक्रमजीत मनप्रीत लक्की, साईं सलीम जी और बाबा बिंदरी जी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


