अखंड केसरी ब्यूरो :- पंजाब सरकार द्वारा नशे के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत जालंधर कमिश्नरेट पुलिस को उस समय एक बड़ी सफलता हाथ लगी, जब CIA स्टाफ की टीम ने 2 नशा तस्करों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से कुल 5 किलो कमर्शियल मात्रा में हेरोइन और 1.5 लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद की। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा (IPS) के दिशा-निर्देशों और डीसीपी इन्वेस्टिगेशन हरप्रीत सिंह (PPS), ADCP मनप्रीत सिंह (PPS) तथा ACP अमरबीर सिंह (PPS) की देखरेख में की गई, जिसका नेतृत्व CIA स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर सुखदेव कुमार ने किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को CIA स्टाफ की पुलिस पार्टी पिंड केट कलां चौक, निकट पटवारी ढाबा, केन्ट रोड जालंधर के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना और शक के आधार पर बिना नंबरी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान आरोपियों की पहचान दिलप्रीत सिंह उर्फ बिस पुत्र दविंदर सिंह निवासी दोभाल कॉलोनी, VPO घाटा बिल्लर (जिला जालंधर देहाती) और कमलदीप सिंह उर्फ गॉन्डी पुत्र सरबद्याल सिंह निवासी नेड़ा चक्की, VPO घाटा बिल्लर (जिला जालंधर देहाती) के रूप में हुई।
पुलिस ने तलाशी में दिलप्रीत सिंह के कब्जे से 2.5 किलो हेरोइन और 80,000 रुपए ड्रग मनी, तथा कमलदीप सिंह के कब्जे से 2.5 किलो हेरोइन और 70,000 रुपए ड्रग मनी बरामद की। इस प्रकार दोनों आरोपियों से कुल 5 किलो हेरोइन और 1.5 लाख रुपए की ड्रग मनी जब्त की गई। इस संबंध में थाना केन्ट जालंधर में मुकदमा नंबर 177, दिनांक 11-09-2026 को NDPS एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करेगी, ताकि इनके पुराने रिकॉर्ड और इस ड्रग नेक्सस से जुड़े अन्य बड़े खुलासे किए जा सकें।
