अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर नॉर्थ हलके में आम आदमी पार्टी (AAP) की चुनावी मुहिम को और अधिक धार देते हुए हलका इंचार्ज एवं मेयर वनीत धीर की पत्नी और पूर्व पार्षद श्वेता धीर ने वार्ड नंबर 84 के तहत आने वाली जनता कॉलोनी से डोर-टू-डोर चुनाव प्रचार की जोरदार शुरुआत की है। इस दौरान स्थानीय निवासियों, महिलाओं और युवाओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और मेयर वनीत धीर को भारी बहुमत से विजयी बनाने का पूर्ण विश्वास दिलाया। घर-घर जनसंपर्क के दौरान श्वेता धीर ने जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में ‘आप’ सरकार ने पंजाब के हर वर्ग के लिए किए गए अपने सभी वादों को पूरी ईमानदारी से निभाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब में एक बार फिर आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी और जनता के भारी समर्थन से जालंधर नॉर्थ सीट पर भी शानदार जीत दर्ज होगी। इस अवसर पर इलाका पार्षद देस राज जस्सल सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।


