अखंड केसरी ब्यूरो :- विधानसभा हलका जालंधर नॉर्थ के इंचार्ज एवं मेयर वनीत धीर ने जिला बार एसोसिएशन परिसर में नई हाई मास्ट लाइटों का उद्घाटन किया, जिससे परिसर में रोशनी, सुरक्षा और वकीलों की सुविधा में सुधार हुआ है। जिला बार एसोसिएशन के नवनियुक्त प्रधान रतन दुआ और उनकी टीम ने मेयर का स्वागत किया। इस अवसर पर मेयर ने कहा कि बार परिसर में लंबे समय से बारिश के दौरान जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ रहा था, जिसके स्थायी समाधान के लिए जल्द ही रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम इंस्टॉल किया जाएगा और इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का काम भी पूरा करवाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। वकीलों के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी समस्याओं से मेयर को अवगत कराया, जिस पर मेयर ने सभी जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का पूरा भरोसा दिया। इस दौरान सेंट्रल हलका इंचार्ज नितिन कोहली, अजय चोपड़ा और बड़ी संख्या में वकील सदस्य उपस्थित रहे।

