ब्रेकिंग जालंधर: पुलिस लाइन फ्लाईओवर पर नगर निगम की ट्रॉली में घुसी तेज रफ्तार कार, दो युवकों की मौके पर मौत

- Advertisement -
Punjab Government

जालंधर: महानगर में पुलिस लाइन के समीप स्थित फ्लाईओवर पर देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा पेश आया, जहां दोस्त की जन्मदिन की पार्टी मनाकर लौट रहे पांच युवकों की फॉक्सवैगन कार सड़क किनारे खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। इस भीषण हादसे में दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई, जिनकी पहचान दिवित ओलक और आरव तलवाड़ के रूप में हुई है, जबकि कार सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना बारादरी की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त वाहन के बीच सड़क पर फंसे होने के कारण एहतियातन फ्लाईओवर पर यातायात को अस्थायी रूप से रोककर रास्ता डायवर्ट किया गया। मामले की जानकारी देते हुए थाना बारादरी के सब-इंस्पेक्टर सुच्चा सिंह ने बताया कि कार में कुल पांच युवक सवार थे जो एक दोस्त के जन्मदिन समारोह से घर लौट रहे थे। इसी दौरान फ्लाईओवर पर खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी गाड़ी की सीधी भिड़ंत हो गई। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है और घटनास्थल का मुआयना कर यह जांच की जा रही है कि फ्लाईओवर पर खड़ी ट्रॉली के पास कोई चेतावनी संकेतक (रिफ्लेक्टर) था या नहीं। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से तफ्तीश कर रही है।

Share This Article
Leave a comment