जालंधर में सुबह तड़के बड़ा हादसा: डॉ. बी.आर. अंबेडकर चौक में घुसा अनियंत्रित ट्रक, पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया

- Advertisement -

अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर के सबसे व्यस्त और प्रमुख चौराहों में शुमार डॉ. बी.आर. अंबेडकर चौक (नकोदर चौक) पर रविवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर को तोड़ते हुए सीधे चौक के भीतर जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चौक की बाउंड्री और डिवाइडर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और ट्रक अंदर तक जा फंसा। तड़के का समय होने और सड़क पर ट्रैफिक कम होने की वजह से मौके पर कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, जिससे एक बड़ा और दर्दनाक हादसा टल गया। सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि बेकाबू ट्रक डॉ. बी.आर. अंबेडकर साहिब की प्रतिमा तक नहीं पहुंचा, वरना नुकसान और अधिक हो सकता था।

हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और सूचना मिलते ही थाना 4 की पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया और आगे की जांच के लिए थाने ले गई। घटनास्थल से गुजर रहे प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार काफी ज्यादा थी और चालक का गाड़ी पर से नियंत्रण पूरी तरह छूट चुका था। प्रत्यक्षदर्शी ने यह भी आशंका जताई कि संभवतः चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था, जिसके चलते यह दुर्घटना घटी; हालांकि पुलिस द्वारा चालक का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है ताकि नशे की पुष्टि हो सके। हादसे के बाद सुबह की सैर पर निकले लोगों और राहगीरों का वहां जमावड़ा लग गया। फिलहाल पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रक को क्रेन की मदद से रास्ते से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया और मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है।

Share This Article
Leave a comment