जालंधर कमिश्नरेट पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 275 ग्राम हेरोइन और अवैध .32 बोर पिस्तौल सहित दो आरोपी गिरफ्तार

- Advertisement -

अखंड केसरी ब्यूरो :- पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे विशेष नशा विरोधी अभियान के तहत, जालंधर के पुलिस कमिश्नर श्री सतिंदर सिंह, आईपीएस के दिशा-निर्देशों पर कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने नशा तस्करों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। डीसीपी इन्वेस्टिगेशन श्री मनप्रीत सिंह (पीपीएस), एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन श्री देव सिंह (पीपीएस) और एसीपी डिटेक्टिव श्री अमरबीर सिंह (पीपीएस) की निगरानी में सीआईए स्टाफ और स्पेशल सेल की टीमों ने दो अलग-अलग अभियानों में एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पहले मामले में, 14 नवंबर 2026 को सीआईए स्टाफ की टीम ने इंस्पेक्टर रविंदर कुमार के नेतृत्व में गश्त के दौरान संदेह के आधार पर एक महिला को काबू किया। उसकी काले रंग की एक्टिवा (नंबर PB08-FM-7865) की तलाशी लेने पर 275 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी महिला की पहचान कोमल पत्नी मनदीप, निवासी मोहल्ला ऊंचा धोड़ा, जिला कपूरथला के रूप में हुई है। इस संबंध में थाना रामा मंडी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(C)-61-85 के तहत एफआईआर नंबर 346 दर्ज की गई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला के खिलाफ पहले भी जालंधर के थाना डिवीजन नंबर 7 और थाना सदर में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं।

दूसरे मामले में, 13 नवंबर 2026 को स्पेशल सेल के प्रभारी एसआई मनजिंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। आरोपी की पहचान सनी शेरगिल पुत्र फकीर चंद, निवासी गांव बंबियांवाल, थाना सदर, जिला जालंधर के रूप में हुई। उसकी तलाशी के दौरान एक बिना लाइसेंस वाली .32 बोर की पिस्तौल, 2 मैगजीन और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ थाना कैंट, कमिश्नरेट जालंधर में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(a) के तहत एफआईआर नंबर 226 दर्ज कर ली गई है। पुलिस के अनुसार, सनी शेरगिल पर पहले भी थाना रामा मंडी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत एक मामला दर्ज है। जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share This Article
Leave a comment