आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर डीसी वरजीत वालिया ने ईवीएम और वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग का किया निरीक्षण, पारदर्शिता पर दिया जोर

- Advertisement -

जालंधर (अखंड केसरी ब्यूरो): भारत चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी वरजीत वालिया ने जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स स्थित जिला स्तरीय ईवीएम वेयरहाउस में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) और वोटर वेरिफायबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) की चल रही फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जानकारी देते हुए डीसी वरजीत वालिया ने बताया कि चुनाव आयोग की हिदायतों के अनुसार 12 नवंबर 2026 से भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा चुनाव अधिकारियों की कड़ी निगरानी में इन मशीनों की तकनीकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और विश्वास कायम रखने के उद्देश्य से सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के नामित प्रतिनिधियों को इस जांच प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर दिया जा रहा है। डीसी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा और जांच के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं तथा संपूर्ण प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निरंतर निगरानी में चल रही है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण चरण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और अपने प्रतिनिधि अवश्य भेजें। इस निरीक्षण के दौरान उनके साथ अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल)-कम-अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी अमनिंदर कौर, चुनाव तहसीलदार डॉ. दीपक राज, जिला चुनाव कार्यालय का स्टाफ और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a comment