जालंधर में सोने के लॉकेट को लेकर विवाद, पड़ोसी पर चोरी का आरोप, शिकायतकर्ता ने किया हंगामा

- Advertisement -

जालंधर– जालंधर में कल शाम जनक नगर इलाके में एक सोने के लॉकेट के गुम होने को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच बड़ा विवाद खड़ा हो गया। एक पक्ष का आरोप है कि रैली के दौरान गले से पटका (दुपट्टा) खींचने पर उनका सोने का लॉकेट गायब हो गया, जिसका शक उन्होंने पड़ोसी महिला पर जताया। वहीं, दूसरे पक्ष ने चोरी के सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उल्टा उन पर घर आकर गाली-गलौज करने, मारपीट करने और बाहर से लड़के बुलाकर हमला करवाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

क्या है पूरा मामला?

शिकायतकर्ता महिला का कहना है कि वह रैली में गई हुई थीं और उन्होंने गले में सोने का लॉकेट पहना हुआ था। उनका आरोप है कि वहां मौजूद पड़ोसी महिला ने अचानक पीछे से उनका पटका (दुपट्टा) जोर से खींच कर उतार लिया। उस समय भीड़भाड़ में उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं हुआ, लेकिन जब वह रात को घर लौटीं तो देखा कि उनके गले से सोने का लॉकेट गायब है। उन्हें पूरा शक है कि पटका खींचते समय ही उनका लॉकेट या तो टूट कर गिर गया या फिर जानबूझकर निकाल लिया गया। उनके पास इस सोने के लॉकेट का पक्का बिल भी मौजूद है।

पूछताछ के दौरान भड़का विवाद

अगले दिन जब पीड़ित परिवार इस बारे में बात करने और अपना लॉकेट पूछने के लिए पड़ोसी के घर पहुंचा, तो मामला शांत होने के बजाय और बिगड़ गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उन्होंने सिर्फ इस बारे में पूछा था कि पटका क्यों खींचा गया और लॉकेट कहां है, लेकिन सामने वाले पक्ष ने सीधे तौर पर लात-घूंसे चलाने शुरू कर दिए और बदसलूकी की।

दूसरे पक्ष की सफाई और मारपीट के आरोप

दूसरी तरफ, जिन पर लॉकेट चोरी का आरोप लगाया जा रहा है, उन्होंने अपनी सफाई में कहा है कि दोनों परिवारों के बीच पिछले करीब दस सालों से कोई बोलचाल या लेन-देन नहीं है। महिला के मुताबिक, रैली में उनका खुद का दुपट्टा बार-बार फिसल रहा था, जिसे संभालने के दौरान अनजाने में हाथ लग गया होगा, लेकिन उन्होंने किसी का कोई लॉकेट नहीं चुराया है।

उनका आरोप है कि अगले दिन पड़ोसी उनके घर आकर सीधे चोरी का इल्जाम लगाने लगे और बदतमीजी पर उतर आए। इतना ही नहीं, उन्होंने बाहर से करीब 10-12 लड़कों को फोन करके मौके पर बुला लिया, जिन्होंने घर में घुसकर उनके साथ जमकर मारपीट की। मोहल्ले के लोगों और स्थानीय प्रधान के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह मामला शांत करवाया गया। फिलहाल, दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं और इलाके में इस घटना को लेकर तनाव का माहौल बना हुआ है।

Share This Article
Leave a comment