जालंधर/विजयपाल सिंह
श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर जालंधर शहर में श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य नगर कीर्तन निकाला जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा, यातायात और स्कूलों की छुट्टी को लेकर कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
यह भव्य नगर कीर्तन श्री गुरुद्वारा दीवान अस्थान सेंट्रल टाउन द्वारा आयोजित किया गया है। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया और पंज प्यारों की अगुवाई में इसकी शुरुआत मोहल्ला गोबिंदगढ़ से हुई। नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर गुरु साहिब के प्रति अपनी आस्था प्रकट कर रहे हैं। शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरने के बाद यह वापस गुरुद्वारा दीवान अस्थान में ही संपन्न होगा।


नगर कीर्तन के मदन फ्लोर मिल पहुंचने पर बेहद खास और मनमोहक नजारा देखने को मिला। इस दौरान सिख नौजवानों ने चौराहों पर तलवारबाजी के हैरतअंगेज करतब दिखाए। वहीं, पंजाब पुलिस की टुकड़ियों ने परेड के जरिए पूरी श्रद्धा और अनुशासन के साथ श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को सलामी देकर सम्मान प्रकट किया।
जिला मजिस्ट्रेट वरजीत वालिया ने विशेष आदेश जारी
धार्मिक भावनाओं और व्यवस्था को बनाए रखने के लिए जिला मजिस्ट्रेट वरजीत वालिया ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत विशेष आदेश जारी किए हैं। इसके अनुसार, 21 नवंबर शनिवार को नगर कीर्तन के मार्ग और धार्मिक स्थल के आसपास मांस और शराब की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है।
सीपी ने विशेष रूट डायवर्जन प्लान भी लागू किया
इसके अलावा, डिप्टी कमिश्नर के आदेशानुसार नगर निगम सीमा के अंदर आने वाले सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों व कॉलेजों (स्टाफ सहित) में दोपहर 12 बजे के बाद आधे दिन की छुट्टी घोषित की गई है। साथ ही, संगत की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के निर्देशों पर शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विशेष रूट डायवर्जन प्लान भी लागू किया गया है।


