जालंधर में विकास की बहार: मेयर वनीत धीर ने चारों हलकों की तस्वीर बदलने के लिए 150 करोड़ रुपये के प्रोजेक्टों को दी हरी झंडी

- Advertisement -

अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में नगर निगम ने एक बड़ा कदम उठाया है। मेयर वनीत धीर ने नगर निगम हाउस में करीब 150 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास प्रोजेक्टों को आधिकारिक मंजूरी दे दी है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत शहर के चारों विधानसभा हलकों—सेंट्रल, नॉर्थ, कैंट और वेस्ट—में बिना किसी भेदभाव के संतुलित विकास कार्य करवाए जाएंगे, जिसमें अकेले विभिन्न कॉलोनियों की सड़कों की दशा सुधारने पर 25 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। हलका-वार बजट के तहत सेंट्रल हलके में कंपनी बाग कार्यालय के रखरखाव, श्री राम चौक से गुरु अमरदास चौक तक सड़क निर्माण, मखदूमपुरा की गलियों और लाल रतन क्षेत्र के सौंदर्यीकरण सहित पार्कों के विकास पर लाखों रुपये खर्च होंगे। वहीं, नॉर्थ हलके में कोटला रोड, इंडस्ट्रियल एरिया की सड़कों, कालिया कॉलोनी में काला संघियां ड्रेन की मरम्मत और चौकों के नवीनीकरण को प्राथमिकता दी गई है। कैंट हलके में रॉयल एन्क्लेव, सोफी पिंड और डिफेंस कॉलोनी रेलवे लाइन के पास सड़कों की री-कारपेटिंग के साथ-साथ धीना और दीप नगर की गलियों में इंटरलॉकिंग टाइलें लगाने का काम होगा। इसी तरह वेस्ट हलके में कोट सादीक व तिलक नगर में कम्युनिटी हॉल निर्माण, बुड्ढा मल पार्क के नवीनीकरण, अवतार नगर में सड़क निर्माण और श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में 1.10 करोड़ रुपये के विशेष पैचवर्क व पेंटवर्क करवाए जाएंगे। मेयर वनीत धीर का कहना है कि इन परियोजनाओं को स्थानीय जरूरतों के हिसाब से तैयार किया गया है, जिनके पूरा होने से ट्रैफिक लाइटों, स्ट्रीट लाइटों, ड्रेनेज और सड़कों की समस्याओं का स्थायी समाधान होगा और शहर की सूरत पूरी तरह बदल जाएगी।

Share This Article
Leave a comment