अखंड केसरी ब्यूरो :- पंजाब सरकार के नशा विरोधी अभियान ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के अंतर्गत माननीय डीजीपी पंजाब के निर्देशों और जालंधर के पुलिस कमिश्नर श्री गुरप्रीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में आज कमिश्नरेट पुलिस द्वारा बड़े पैमाने पर कासो (CASO – घेराबंदी एवं तलाशी अभियान) चलाया गया। एसीपी सेंट्रल श्री ओंकार सिंह बराड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि भारी पुलिस बल के साथ सब-डिवीजन सेंट्रल के अधीन आते थाना डिवीजन नंबर 2, डिवीजन नंबर 4, रामा मंडी और नई बारादरी के क्षेत्रों में सुबह से ही यह विशेष तलाशी अभियान जारी रहा, जिसके दौरान नशा तस्करी, झपटमारी, लूटपाट और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तथा सक्रिय असामाजिक तत्वों के ठिकानों पर गहन छापेमारी की गई। इस कार्रवाई के दौरान थाना रामा मंडी क्षेत्र से दो बड़ी बरामदगियां और थाना डिवीजन नंबर 2 क्षेत्र से एक बड़ी बरामदगी की गई है, जबकि संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस प्रशासन ने शहरवासियों से पंजाब को नशा मुक्त बनाने में अधिकतम सहयोग देने की अपील की है और नशे की लत से जूझ रहे युवाओं से आग्रह किया है कि वे इलाज के लिए आगे आएं तथा नशा मुक्ति केंद्रों में भर्ती होने के लिए पुलिस से संपर्क करें ताकि उन्हें एक स्वस्थ और सम्मानजनक जीवन जीने में मदद मिल सके। इसके साथ ही पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नशा तस्करों के साथ-साथ झपटमारी और लूटपाट करने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और ‘रंगला पंजाब’ के सपने को साकार करने के लिए असामाजिक तत्वों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


