अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर की एडीसीपी-2 श्रीमती माधवी शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने बीती रात थाना मॉडल टाउन क्षेत्र में तेजधार हथियारों से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या करने के मामले को 24 घंटे से भी कम समय में सुलझाते हुए मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कमिश्नर जालंधर के दिशा-निर्देशों पर डीसीपी सिटी श्री आदित्य एस. वारियर और डीसीपी स्पेशल ब्रांच श्री मनप्रीत सिंह ढिल्लों की निगरानी में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था, जिन्होंने घटना के तुरंत बाद हरकत में आते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पूरी रात विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस टीमों की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप मामले को बेहद कम समय में ट्रेस कर दोनों आरोपियों को काबू कर लिया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए तेजधार हथियारों के साथ-साथ आरोपियों के घर से दो अन्य अवैध हथियार, जिनमें एक .32 बोर की पिस्तौल और एक रिवॉल्वर शामिल है, भी बरामद किए हैं। बरामद हथियारों के संबंध में आगे की गहन जांच जारी है और कानून के अनुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने अपनी इस मुस्तैदी से आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर दोहराया है।


