अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर में आयोजित 43वें ओलंपियन सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट के समापन समारोह और फाइनल मुकाबले की अध्यक्षता करते हुए पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि प्रदेश सरकार की सक्रिय नीतियों के कारण पंजाब तेजी से भारत के खेल केंद्र के रूप में उभर रहा है। पंजाब पुलिस और सीएजी दिल्ली के बीच खेले गए इस रोमांचक खिताबी मुकाबले के दौरान दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश की खेल विरासत को पुनर्जीवित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में युवाओं को जमीनी स्तर पर खेलों से जोड़ने के लिए पूरे पंजाब में 3,000 से अधिक खेल मैदान बनाए गए हैं, जबकि ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां’ और नई खेल नीति ने हर आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए नए अवसर पैदा किए हैं। पहली बार ‘एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी’ की सफल मेजबानी ने पंजाब को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर मजबूती से स्थापित किया है, वहीं अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं को नकद पुरस्कार और प्रतिष्ठित पदों पर नियुक्तियां देकर उनका मनोबल बढ़ाया जा रहा है। इस अवसर पर मंत्री मोहिंदर भगत ने पारंपरिक ग्रामीण खेलों के संरक्षण पर जोर देते हुए 1975 विश्व कप विजेता टीम के महान फुल-बैक खिलाड़ी ओलंपियन सुरजीत सिंह की याद में 40 वर्षों से अधिक समय से इस टूर्नामेंट को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए सोसाइटी की सराहना की और खेल क्षेत्र में योगदान देने वाली शख्सियतों को सम्मानित भी किया। डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया, पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर, हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली और जिला योजना समिति के अध्यक्ष अमृतपाल सिंह की मौजूदगी में संपन्न हुए इस भव्य समारोह में छात्रों ने भांगड़ा और गिद्दा की प्रस्तुति दी, जबकि प्रसिद्ध पंजाबी गायक सब्बा के लाइव गायन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।


