धन-धन श्री गुरु नानक देव जी महाराज के पवित्र प्रकाश पर्व को समर्पित जालंधर के सोढल स्थित गुरुद्वारा छावनी निहंग सिंहां से सजाए गए भव्य नगर कीर्तन में आम आदमी पार्टी के जालंधर नॉर्थ हलका इंचार्ज एवं मेयर वनीत धीर ने अपनी पत्नी श्वेता धीर के साथ पूरे श्रद्धा और सम्मान के साथ शिरकत की। इस पावन अवसर पर दंपति ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष नतमस्तक होकर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया और सरबत के भले, पंजाब की खुशहाली तथा समस्त मानवता की चढ़दी कला के लिए अरदास की। संगत को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई देते हुए मेयर वनीत धीर ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी महाराज ने ‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ का महान संदेश देकर संपूर्ण मानवता को जात-पात, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर समानता, भाईचारे और सेवा का मार्ग दिखाया। उन्होंने जोर देकर कहा कि गुरु साहिब की शिक्षाएं आज भी समाज को आपसी प्रेम, शांति, सद्भावना और एकता के सूत्र में बांधने की प्रेरणा देती हैं, इसलिए हम सभी की यह सामूहिक जिम्मेदारी है कि हम उनके महान आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं।


