जालंधर के कपूरथला रोड पर स्थित बस्ती बावा खेल इलाके में आज पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। प्रशासन ने यहां बन रहे एक निर्माणाधीन चैरिटेबल अस्पताल के कुछ हिस्से पर पीला पंजा चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया।


इस मामले की जानकारी देते हुए जालंधर के पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि यह निर्माणाधीन इमारत अमनदीप सिंह नाम के व्यक्ति की है। अमनदीप सिंह का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उस पर पहले से ही तीन मामले दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट के दो मामले और आर्म्स एक्ट का एक मामला शामिल है।
दो सप्ताह पहले दुकान हुई थी छापेमारी
पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, करीब दो सप्ताह पहले अमनदीप की दुकान पर छापेमारी की गई थी, जहां से एक लाख से अधिक नशीली गोलियां बरामद हुई थीं। जांच में यह बात सामने आई कि अमनदीप नशीली दवाइयां बेचकर कमाए गए काले धन से इस अस्पताल का निर्माण करवा रहा था। इस गंभीर मामले के बाद अमनदीप और उसके पिता का मेडिकल लाइसेंस भी रद्द कर दिया गया है।
नगर निगम ने अमनदीप को दिया था नोटिस
प्रशासन का कहना है कि नगर निगम की टीम ने इस इमारत को लेकर अमनदीप सिंह को पहले नोटिस भी जारी किए थे। लेकिन उसकी तरफ से कोई जवाब न मिलने के बाद आज यह सख्त कदम उठाया गया। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि चरणबद्ध तरीके (स्टेप बाय स्टेप) से इस पूरी इमारत पर पीला पंजा चलाया जाएगा और इसे जल्द ही सील कर दिया जाएगा।
आपको बता दें कि अमनदीप सिंह जून महीने में डिवीजन नंबर एक इलाके में दो पक्षों के बीच हुई झड़प के मामले में पहले से ही जेल में बंद है। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि शहर के हॉटस्पॉट इलाकों में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। आगे की कार्रवाई के तहत अमनदीप की इस संपत्ति को फ्रीज कर दिया जाएगा और भविष्य में इस जगह पर एक सरकारी इमारत का निर्माण किया जाएगा।

