अमृतसर में ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ : 40 करोड़ की हेरोइन के साथ 3 तस्कर दबोचे

अमृतसर में 40 करोड़ की हेरोइन बरामद।
अमृतस​र-पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर देहात पुलिस ने 2 अंतरराज्यीय/संगठित नशा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इन ऑपरेशनों के दौरान 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 6 किलो 582 ग्राम हेरोइन और 9.90 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 40 करोड़ रुपए है।

पहली कार्रवाई अमृतसर के अजनाला थाना क्षेत्र में और दूसरी कार्रवाई ब्यास थाना क्षेत्र में की गई। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर ली गई हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हेरोइन की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

नेटवर्क की फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकिंग खंगाल रही पुलिस

जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क की फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकिंग खंगाल रही हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य तस्कर कौन हैं, उनकी भूमिका क्या है और नशे की सप्लाई चेन किन-किन राज्यों या क्षेत्रों तक फैली हुई है। अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े हर व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

राज्य में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य केवल तस्करों को गिरफ्तार करना ही नहीं, बल्कि पूरे सप्लाई नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करना है, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।

Share This Article
Leave a comment