पंजाब पुलिस का इंस्पेक्टर 3 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार: 6 पिस्टल बरामद, PAK कनेक्शन की जांच

काउंटर इंटेलिजेंस में तैनात इंस्पेक्टर बलदेव सिंह का फाइल फोटो।

फिरोजपुर–  काउंटर इंटेलिजेंस में तैनात एक इंस्पेक्टर को फिरोजपुर में गिरफ्तार किया गया है। उस पर नशा तस्करी का आरोप है। गिरफ्तारी के समय आरोपी से 3 किलो 350 ग्राम हेरोइन मिली है। इसके अलावा 6 पिस्टल, 4 मैगजीन और 17 कारतूस भी बरामद हुए हैं।

पुलिस ने आरोपी की आई-20 कार और उससे 6 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। आरोपी की पहचान बलदेव सिंह (56) के रूप में हुई है। फिरोजपुर पुलिस ने आरोपी से बरामद सभी अवैध सामान को जब्त कर कार्रवाई शुरू की है।

आरोपी के खिलाफ NDPS और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में नशा और हथियार कहां से लाया और कहां लेकर जा रहा था। इस बात की भी जांच चल रही है कि आरोपी इस अवैध धंधे में कब से लगा हुआ था। वहीं, SSP ने कहा है कि आरोपी के पाकिस्तान से कनेक्शन होने का शक है। उससे पूछताछ कर रहे हैं।

पुलिस ने मामले की यह जानकारी दी

  • गुप्त सूचना पर पुलिस अलर्ट हुई: फिरोजपुर में घल्ल खुर्द थाना पुलिस ने बताया है कि उन्हें गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि इंस्पेक्टर बलदेव सिंह अपनी आई-20 कार (PB05AC-6517) में सवार होकर कहीं जा रहा है। उसके पास बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ और अवैध हथियार हैं।
  • नाके पर पकड़ी आरोपी की गाड़ी: इस सूचना पर पुलिस ने शुक्रवार देर रात फिरोजपुर-मोगा रोड पर फिरोजशाह टोल प्लाजा पर नाकाबंदी की। इसी दौरान बलदेव सिंह की गाड़ी आती दिखाई दी। नाके पर मौजूद कर्मियों ने इंस्पेक्टर की गाड़ी देखते ही उसे रुकने का इशारा किया। आरोपी ने गाड़ी रोक ली। इसके बाद रौब दिखाते हुए अपना परिचय दिया।
  • पुलिसवालों पर भड़का था आरोपी: घल्ल खुर्द थाने के SHO के मुताबिक, आरोपी के रौब दिखाने पर भी नाके पर मौजूद कर्मी डरे नहीं। उन्होंने आरोपी से कहा कि गाड़ी की तलाशी लेनी है। इस पर आरोपी भड़क गया और कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करवाने की धमकी देने लगा।
  • गाड़ी से अवैध हथियार और नशा मिला: इसके बाद पुलिसकर्मियों ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। जब उसकी गाड़ी की तलाशी ली गई तो उसमें से बड़ी मात्रा में अवैध सामान बरामद किया गया। इसके साथ ही आरोपी की पूरी गाड़ी को जब्त कर लिया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

अवैध हथियार और नशा तस्करी का मामला दर्ज

पुलिस ने थाना घल्ल खुर्द में आरोपी इंस्पेक्टर बलदेव सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और आर्म्स एक्ट की धाराओं 25/27 के तहत केस बनाया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और बरामद सामान के स्रोत का पता लगा रही है।

SSP बोले- नशा और हथियार के स्रोतों का पता लगा रहे

वहीं, इस मामले में फिरोजपुर के SSP भूपिंदर सिंह सिद्धू ने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही पता चल सकेगा कि बरामद की गई नशे की खेप हाल ही में लाई गई थी या पहले से मौजूद थी। बरामद हथियारों के स्रोत का भी पता लगाया जा रहा है।

SSP ने बताया कि बरामद किए गए मोबाइल फोन तकनीकी जांच के लिए टीम को भेज दिए गए हैं। तकनीकी जांच पूरी होने के बाद यह सामने आएगा कि इन मोबाइल फोन से किन-किन नंबरों पर संपर्क किया जाता था और इनसे जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां क्या हैं?

Share This Article
Leave a comment