सड़क खुलते ही रवाना हुए थे यात्री
जानकारी के अनुसार उदयपुर–किलाड़ सड़क मार्ग एक दिन पहले भूस्खलन के कारण बंद था। इसी वजह से टैक्सी में सवार सभी यात्री तिंदी में रुके हुए थे। शुक्रवार को सड़क बहाल होने के बाद वाहन पांगी की ओर रवाना हुआ, लेकिन कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा और टैक्सी उसकी चपेट में आ गई।
एक घायल को निकाला गया, बाकी की तलाश जारी
बचाव दल ने मलबे से एक व्यक्ति को घायल अवस्था में बाहर निकाला। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। प्रशासन ने फिलहाल घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही यात्रियों की संख्या और हताहतों के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।
मृतकों की सूची
- बीर सिंह पुत्र सुरम चंद, गांव घिसल साच, पांगी।
- बीर सिंह पुत्र लाल चंद, गांव शुण, उदयपुर पांगी।
- बुद्धि सिंह पुत्र सांवल दास, निवासी साच।
- कमला कुमारी पत्नी बुद्धि सिंह, निवासी साच।
- अनिल कुमार पुत्र हरि कृष्ण, निवासी साच।
- रेखा पुत्री महेंद्र कुमार, गांव हिलोल पांगी।
- सौरभ सिंह पुत्र बीर सिंह, वीपीओ हासिल पांगी।
- अंजना पुत्री चैन सिंह, वीपीओ सत्ती पांगी
- सोमन अग्मो पत्नी छेरिंग दोरजे, गांव छेलिंग उदयपुर
- आरू पुत्र छेरिंग दोरजे, गांव छेलिंग उदयपुर
- संजय कुमार पुत्र मोहन लाल, वीपीओ कुमार
- हंसराज, वीपीओ धरवास
- एक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
सीएम सुक्खू ने हादसे पर जताया शोक, डीसी से फोन पर की बात
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने लाहौल-स्पीति जिला के कडूनाला में एक सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। वाहन में सवार सभी यात्री कुल्लू से पांगी जा रहे थे। मुख्यमंत्री ने उपायुक्त लाहौल-स्पीति को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता और घायलों को बेहतरीन इलाज की सुविधा उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत की आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिवारों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।
भरमौर विधायक डॉ. जनक राज ने जताया शोक
भरमौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. जनक राज ने पांगी-उदयपुर मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस दर्दनाक दुर्घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भूस्खलन की चपेट में आए वाहन में सवार 15 लोगों में से 13 लोगों की मृत्यु हो गई, जिनमें छह माह का एक मासूम शिशु भी शामिल है। वहीं, दो लोगों के सुरक्षित होने की सूचना राहत देने वाली है।
डॉ. जनक राज ने हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि हादसे की सूचना मिलते ही वह चंबा और लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं तथा राहत एवं बचाव कार्यों की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। प्रभावित परिवारों तक हरसंभव सहायता पहुंचे, इसके लिए प्रशासन के साथ समन्वय किया जा रहा है।
विधायक ने पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए लोगों से यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।


