भारत-मोरक्को ने बढ़ाया रक्षा सहयोग, समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर

- Advertisement -
Punjab Government

 रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मोरक्को के रक्षामंत्री अब्देलतीफ लोदी से रबात में मुलाकात की। बैठक में दोनों देशों ने रक्षा सहयोग बढ़ाने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

 

 

सितंबर 23, नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मोरक्को में अपने समकक्ष अब्देलतीफ लोदी से मुलाकात की। मोरक्को की राजधानी रबात में यह द्विपक्षीय बैठक हुई। इस दौरान भारत और मोरक्को के बीच रक्षा सहयोग बढ़ाने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।

 

 

 

दोनों नेताओं ने रक्षा उद्योग में सहयोग बढ़ाने का निर्णय लिया और आतंकवाद-निरोध, समुद्री सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, शांति अभियान, सैन्य चिकित्सा और विशेषज्ञों के आदान-प्रदान को शामिल करते हुए एक व्यापक रोडमैप पर सहमति जताई। दोनों मंत्रियों के बीच हुई चर्चाओं में भारत और मोरक्को के बीच दीर्घकालिक दोस्ती को और मज़बूत करने का साझा संकल्प लिया गया।

 

 

 

दोनों देशों के बीच इन पहलों को रफ्तार मिल सके इसके लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रबात स्थित भारतीय दूतावास में एक नई रक्षा विंग के उद्घाटन की घोषणा की। उन्होंने भारत के रक्षा उद्योग की परिपक्वता और ड्रोन तथा ड्रोन-रोधी तकनीकों सहित इसकी अत्याधुनिक क्षमताओं पर भी प्रकाश डाला और मोरक्को को आश्वस्त किया कि भारतीय कंपनियां मोरक्को के रक्षा बलों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

 

 

 

दोनों मंत्रियों ने सशस्त्र बलों के बीच आदान-प्रदान बढ़ाने, प्रशिक्षण कार्यक्रमों को सुगम बनाने और रक्षा क्षेत्र में सह-विकास एवं सह-उत्पादन के अवसरों की खोज के महत्व पर बल दिया। उन्होंने हिंद महासागर और अटलांटिक गलियारों के सामरिक महत्व को देखते हुए समुद्री सुरक्षा में बेहतर तालमेल का स्वागत किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा सहयोग बढ़ाने पर आगे की चर्चा के लिए मोरक्को के अपने समकक्ष अब्देलतीफ लोदी को भारत आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया।

Share This Article
Leave a comment