सुप्रीम कोर्ट ने यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया को अपने पॉडकास्ट ‘द रणवीर शो’ को दोबारा शुरू करने की दी इजाजत

- Advertisement -
Punjab Government

Ranveer Allahbadia: सुप्रीम कोर्ट ने यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया को अपना पॉडकास्ट फिर से शुरू करने की अनुमति दे दी है। उन्हें अदालत की कुछ शर्तें माननी होंगी।

‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया को अपने पॉडकास्ट ‘द रणवीर शो’ को दोबारा शुरू करने की इजाजत दे दी। सुप्रीम कोर्ट ने शर्त के साथ उन्हें हिदायत दी है कि वह शो में सभ्यता बर्तेंगे और नैतिक मर्यादाओं का ख्याल रखेंगे।

दरअसल यूट्यूबर रणवीर ने सुप्रीम कोर्ट में एक भावनात्मक अपील दायर की थी जिसमें उन्होंने अपने शो को “आजीविका का एकमात्र स्रोत” बताया था। अल्लाहबादिया ने कहा था कि इस शो से 280 कर्मचारी जुड़े हैं जिससे उनकी आजीविका जुड़ी है।

सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान रणवीर अल्लाहबादिया ने पीठ से आग्रह किया कि उन्हें अपने पॉडकास्ट, ‘द रणवीर शो’ को प्रसारित करने की अनुमति दी जाए, क्योंकि यह उनकी आय का एकमात्र स्रोत था। इसके बाद पीठ ने उनकी याचिका पर विचार किया और उन्हें अनुमति देते हुए कहा कि ‘यह सामग्री किसी भी आयु वर्ग के देखने के लिए उपयुक्त होनी चाहिए’। अदालत ने रणवीर को इस बात का आश्वासन देते हुए एक हलफनामा देने को कहा।

अश्लील कॉमेडी विवाद में घिरे रणवीर अल्लाहबादिया

बता दें, कॉमेडियन समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में अश्लील कमेंट करने के चलते रणवीर अल्लाहबादिया विवादों में हैं। उन्होंने शो में पैरेंट्स की इंटिमेसी को लेकर आपत्तिजन कमेंट किया था जिसके बाद सोशल मीडिया से लेकर आम पब्लिक तक, लोगों का आक्रोश फैल गया था। हालांकि कई राज्यों में रणवीर, समय रैना समेत अन्य पर केस दर्ज होने के बाद ये शो बंद हो गया।

वहीं पुलिस शिकायतों के बाद कोर्ट ने रणवीर को किसी भी तरह की सार्वजनिक गतिविधि से रोका था। विवाद घिरने के बाद रणवीर ने सोशल मीडिया पर आकर फैंस से माफी मांगी थी। अल्लाहबादिया सोशल मीडिया पर ‘बीयर बाइसेप्स’ नाम से काफी मशहूर हैं। वहीं समय रैना का ‘इंडियाज़ गॉट लेटेंट’ अब बंद हो चुका है और इसके सभी एपिसोड उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल से हटा दिए हैं।

Share This Article
Leave a comment