तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी पर सोनारपुर में हुए हमले के मामले में पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए केस दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में आगे की पूछताछ और जांच कर रही है।
मई 31, नई दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस के सांसद नेता अभिषेक बनर्जी पर कल सोनारपुर में हुए हमले के मामले में पश्चिम बंगाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अभिषेक बनर्जी पर अंडे फेंके जाने की इस घटना का पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है।
वीडियो फुटेज की गहन जांच के बाद पुलिस ने इस मामले में पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आकाश गायेन, निर्माल्य सेनगुप्ता, काजल दास और देवाशीष दत्ता के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी आकाश गायेन, तृणमूल कांग्रेस के ही दिवंगत कार्यकर्ता संजू कर्मकार के परिवार का बेहद करीबी है। अभिषेक बनर्जी जिस वक्त संजू कर्मकार के परिजनों से मिलने उनके घर पहुंचे थे, उसी दौरान यह वारदात हुई।
वीडियो फुटेज से साफ हुआ है कि अभिषेक बनर्जी पर सबसे पहले हाथ उठाने वाला व्यक्ति कोई और नहीं, बल्कि यही आकाश गायेन था। पुलिस फिलहाल पकड़े गए सभी आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।
