फतेहगढ़ साहिब, 26 अप्रैल: अकाली दल पुनर सुरजीत और अकाली दल वारिस पंजाब के विलय के बाद गठित पंथिक कोऑर्डिनेशन कमेटी अब धीरे-धीरे आकार लेती नजर आ रही है। इसी कड़ी में पंथिक दलों को एक मंच पर लाने और आपसी एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से अकाली दल पुनर सुरजीत के वरिष्ठ नेता इकबाल सिंह झुंडा ने शिरोमणि अकाली दल अमृतसर के प्रधान सरदार सिमरनजीत सिंह मान के साथ उनके निवास किला हरनाम सिंह, फतेहगढ़ साहिब में अहम बैठक की। बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच पंजाब, पंथ और सिख राजनीति से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस अवसर पर सिमरनजीत सिंह मान ने पंथिक एकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। वहीं इकबाल सिंह झुंडा ने अपनी पार्टी द्वारा तैयार किए गए विजन डॉक्यूमेंट की एक प्रति भी सिमरनजीत सिंह मान को भेंट की। मान ने उनके निवास स्थान पर पहुंचे इकबाल सिंह झुंडा और अन्य नेताओं का स्वागत करते हुए पंथिक एकता की इस पहल को समय की जरूरत बताया। बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में पंथिक दलों के बीच और भी बैठकों का दौर जारी रहेगा, जिससे पंजाब की राजनीति में नई हलचल देखने को मिल सकती है। इस बैठक की जानकारी इकबाल सिंह झुंडा ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें जारी कर साझा की, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
