श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ पर जालंधर में निकली भव्य कलश यात्रा, पुष्पवर्षा और भजनों से गूंजा पूरा शहर

- Advertisement -
Punjab Government

अखंड केसरी ब्यूरो :- श्री बांके बिहारी भगवत प्रचार समिति के तत्वावधान में आचार्य श्री गौरव कृष्ण गोस्वामी जी महाराज की पावन अध्यक्षता में जालंधर के साई दास स्कूल ग्राउंड में आयोजित होने जा रहे सात दिवसीय भव्य श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ से पूर्व शहर में एक अत्यंत दिव्य और भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्री महालक्ष्मी मंदिर, जेल रोड से विधिवत पूजन और हनुमान चालीसा के पाठ के साथ आरंभ हुई इस यात्रा में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भारी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैंड-बाजों की मधुर धुनों, ढोल-ताशों की गड़गड़ाहट और श्री कमल दुआ एवं उनकी संकीर्तन मंडली द्वारा प्रस्तुत किए गए मनमोहक भजनों की स्वरलहरियों ने ऐसा समां बांधा कि पूरा मार्ग वृंदावन की तर्ज पर भक्ति रस में सराबोर नजर आया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का अभिनंदन किया गया तथा जगह-जगह फलाहार व प्रसाद का वितरण कर सेवा भावना का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया गया। जेल चौक, पुरानी सब्जी मंडी और पटेल चौक से होते हुए यह यात्रा जब कथा स्थल साई दास स्कूल ग्राउंड पहुँची, तो हर कोई प्रभु की भक्ति में लीन दिखाई दिया। आयोजकों ने बताया कि यह कथा 3 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 5 बजे से आयोजित होगी, जिसमें सभी श्रद्धालुओं से पहुंचकर कथा का रसपान करने की अपील की गई है।

Share This Article
Leave a comment