अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर कमिश्नरेट पुलिस के अंतर्गत थाना डिवीजन नंबर 3 से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आने के बाद विभाग ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। एसीपी हेडक्वार्टर (पीपीएस) श्री करनैल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा था, जिसमें पुलिस कर्मचारी थाना डिवीजन नंबर 3 द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों को मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय सरकारी वाहन के बजाय एक निजी गाड़ी का उपयोग करते हुए दिखाई दे रहे हैं। जैसे ही यह वीडियो उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आया, पुलिस प्रशासन ने इसे नियमों और सुरक्षा प्रोटोकॉल का खुला उल्लंघन मानते हुए बेहद गंभीरता से लिया।
श्री करनैल सिंह ने स्पष्ट किया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए संबंधित पुलिस कर्मियों के खिलाफ तुरंत अनुशासनात्मक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पुलिस बल में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या नियमों की अनदेखी को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उक्त मामले में कानून और तय विभागीय नियमों के तहत गहन जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

