योगी सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का विधानसभा घेराव आज, कार्यकर्ताओं के बुलंद हौसले के बीच पुलिस अलर्ट”

अखंड केसरी ब्यूरो :-उत्तर प्रदेश विधान मंडल के शीतकालीन सत्र के दौरान आज कांग्रेस पार्टी की ओर से विधानसभा का घेराव करने की तैयारी जोरों पर है। कल विधानसभा में अनुपूरक बजट पेश किया गया, जिसमें महाकुंभ के लिए बड़ा पैकेज घोषित किया गया है। आज के सत्र में कई महत्वपूर्ण विधायी कार्य प्रस्तावित हैं, लेकिन कांग्रेस ने सरकार की नीतियों और निर्णयों के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। विभिन्न जिलों से कांग्रेस कार्यकर्ता लखनऊ पहुंच रहे हैं। इस बीच, यूपी पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सहित दो दर्जन से अधिक वरिष्ठ नेताओं को नोटिस जारी किया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि विधान मंडल के सत्र के दौरान किसी भी प्रकार का घेराव, धरना या शांति व्यवस्था को भंग करने का प्रयास सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। हालांकि, कांग्रेस नेता अजय राय ने इन नोटिसों को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करार दिया है और कहा है कि योगी सरकार ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के रास्ते में रुकावटें डालने की कोशिश की है, लेकिन कांग्रेसियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी पार्टी सरकार की गलत नीतियों का विरोध जारी रखेगी और जनहित के मुद्दों पर सरकार को जवाबदेह ठहराने के लिए यह घेराव आवश्यक है।

Share This Article
Leave a comment