पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ भगवंत मान का बुलडोजर एक्शन जारी है। हलवारा के नारंगवाल में नशा तस्कर दंपति के घर पर जिला लुधियाना ग्रामीण पुलिस की तरफ से बुलडोजर चलाया गया। जिला लुधियाना ग्रामीण पुलिस प्रमुख एसएसपी अंकुर गुप्ता खुद मौके पर मौजूद रहे।
बुधवार को सरपंच मनजिंदर सिंह ग्रेवाल और महिला तस्कर कुलबीर कौर के बीच लड़ाई का वीडियो वायरल हुआ था जिसमें महिला सरेआम नशा बेचने और देख लेने और जान से मारने की धमकी दे रही थी। वीरवार देर रात एसएसपी अंकुर गुप्ता की अगुवाई में पुलिस बुलडोजर लेकर गांव नारंगवाल पहुंच गई और तस्कर दंपती बलवंत सिंह काका और कुलबीर कौर का घर तोड़ दिया गया। सरपंच मनजिंदर सिंह ने बताया कि उन्हें खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने फोन करके घटना की जानकारी ली और सरकार ने कार्रवाई कर दी। एसएसपी अंकुर गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने वीरवार सुबह तनवीर नामक नशा तस्कर को हेरोइन की खेप के साथ गिरफ्तार किया था। तनवीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद उसने पूछताछ में बताया कि वो नारंगवाल के नशा तस्कर बलवंत सिंह काका और कुलबीर कौर से नशा लेकर आगे बेचने का धंधा करता है। मामले में बलवंत सिंह और कुलबीर कौर को नामजद करके उनके घर पर बुलडोजर चलाया गया। दोनों के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी के कई मुकदमे दर्ज हैं।
एसएसपी गुप्ता के अनुसार जो घर गिराया गया है वो नशा तस्करी के रुपयों से ही बनाया गया था। वीरवार सुबह नारंगवाल की पंचायत ने दोनों के खिलाफ थाना जोधां में शिकायत करने के साथ सरपंच मनजिंदर सिंह ग्रेवाल ने मुख्यमंत्री को भी शिकायत भेजी थी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शाम को खुद सरपंच मनजिंदर सिंह ग्रेवाल से बात की और कुछ घंटे बाद तस्कर दंपती के घर पर बुलडोजर चल गया।