इससे पहले उन्होंने बरनाला कलां गांव में शहीद भगत सिंह सरकारी मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास किया है। यह कॉलेज 18 एकड़ में बनेगा। उन्होंने कहा ईमानदारी ही शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस मौके सीएम भगवंत मान ने कहा कि, आने वाले दिनों में बहुत बडे़-बड़े विकास के काम देखने को मिलेंगे। दो तीन दिनों में बजट पेश करने जा रहे हैं। हमारी सरकार को तीन साल हो गए हैं। इससे पहले वाली दोनों सरकारें कहती थी कि खजाना खाली है। मैं भी कहता था कि फिर इसे खजाना क्यों कहते हैं, उसे पीपा कहो। तीन साल में हमारे किसी मंत्री या विधायक ने नहीं कहा कि खजाना खाली है। खजाना खाली नहीं था, नीयत खाली थी। नीयत को ही मुरादें होती हैं। वहीं, उन्होंने कहा कि कुछ चीजों को ठीक करने समय जरूर लग जाता है।

75 साल पुराना सिस्टम दो तीन साल में ठीक नहीं हो सकता है। अगर फीते वाले बूट के तीन चार दिन न खोले तो उसके फीते की गांठ चम्मच या नुकीली चीज से खोलनी पड़ती है। क्योंकि वह जम जाती है। आपने मुझे 75 साल पुराने बूट पकड़ाए हैं। इन्हें खोलने में समय थोड़ा जरूर लगेगा। हम लगे हुए है। एक्शन लेने में देरी नहीं लेते है। मैं कोई ऐसी फाइल पर साइन नहीं करता है, जिससे लोगों पर बोझ पर पडे़। परमात्मा ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वह निष्ठा से पूरा करेंगे। पंजाब जल्दी नंबर वन सूबा बनेगा।
पहले शहीदों को मालाएं पहनाकर देते थे श्रद्धांजलि
सीएम ने कहा कि आज मैंने इस इलाके में एक मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास किया है। पहले जब इस इलाके में कोई बीमार होता था, तो उसे इलाज के लिए डीएमसी लुधियाना या जालंधर जाना पड़ता था। लेकिन अब यहां 100 बिस्तरों का अस्पताल बनेगा, और 300 करोड़ रुपए की लागत से मेडिकल कॉलेज तैयार होगा। इसमें 50 एमबीबीएस की सीटें होंगी।
शहीदों के परिवारों के सदस्य यहां मौजूद हैं, और उन्हें यह देखकर सुकून मिलता होगा कि कोई उनके प्रियजनों को याद कर रहा है। पहले तो शहीदों को बस माला पहनाकर श्रद्धांजलि दी जाती थी, लेकिन उनके नाम पर कोई स्मारक या संस्था नहीं थी। अब हमने भगत सिंह की 30 फीट ऊंची प्रतिमा मोहाली एयरपोर्ट पर स्थापित की है। साथ ही, मोहाली एयरपोर्ट और यहां स्थापित होने वाले मेडिकल कॉलेज का नाम भी शहीद भगत सिंह के नाम पर रखा गया है। भगत सिंह ने भी लिखा था – “मेरी मौत पर मत रोना, मेरी सोच को बचाना।” इस तरह का देशप्रेम बहुत कम
मिलता है।

सीएम ने कहा कि जब भी बाहरी राज्यों या देशों से लोग चंडीगढ़ आते हैं और कहते हैं कि अमृतसर जाते हैं, तो मैं उनसे कहता हूं कि खटकड़ कलां जरूर जाएं। अब यहां एक बेहतरीन म्यूजियम भी बनाया गया है। भगत सिंह को डर था कि आजादी के बाद देश किन हाथों में जाएगा। उन्होंने कहा था कि “अगर गोरे अंग्रेजों को निकालकर काले अंग्रेज़ लाए गए, तो यह नुकसानदायक होगा।” उनकी यह चिंता सही साबित हुई। 75 सालों में पंजाब में सीवरेज के ढक्कन तक पूरे नहीं हुए, लेकिन पिछले तीन सालों में स्कूलों, कॉलेजों और नौकरियों पर ध्यान दिया गया है।
आजादी इसलिए पाई कि अपनों को ही लूटें
सीएम ने कहा कि शहीद भगत सिंह को बहुत दुख होता जब बड़े लोगों के घरों से रिश्वत के पैसे मिलते। क्या इसीलिए हमने आज़ादी पाई थी कि हम अपने ही देश के लोगों को लूटें? दिल्ली में एक जज के घर से करोड़ों रूप मिले, जो दिखाता है कि भ्रष्टाचार कितना गहरा है। उन्होंने कहा कि अच्छे से अपना काम करना ही शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
हमने 52 हजार 606 युवाओं को मेरिट के आधार पर नौकरी दी है, बिना किसी रिश्वत या सिफ़ारिश 881 मोहल्ला क्लिनिक खोले गए, जहां अब तक तीन करोड़ लोगों का इलाज हो चुका है। राज्य के 17 टोल प्लाजा बंद किए, जिससे रोज़ाना 62 लाख रुपए की बचत हो रही है। टोल प्लाजा की अवधि पूरी हो चुकी थी। लेकिन किसी ने बंद नहीं किए।
जिन्होंने बंद करवाने थे उन्होंने अपना हिस्सा डाल लिया और धंधा चलता रहा। 90% घरों के बिजली बिल माफ कर दिए गए। प्राइवेट थर्मल प्लांट खरीदा, जिससे पंजाब में कोयले की कमी नहीं होगी। अब हमारे पास 27-27 दिनों का कोयला स्टॉक में है। पहले खबरें आती थी कि पंजाब अंधेरे में डूब जाएगा सीएम ने कहा कि पंजाब को दोबारा नंबर वन बनाने में हम पूरी मेहनत कर रहे हैं।
जब मैं और अरविंद केजरीवाल गांव-गांव जा रहे थे, तब हम गारंटियां दे रहे थे कि बिजली बिल माफ करेंगे। विरोधी हम पर हंसते थे, लेकिन हमने 1 जुलाई 2022 से यह वादा पूरा कर दिया।
जल्दी ही चार मेडिकल कॉलेज बनेंगे
सीएम ने कहा कि अब हम होशियारपुर, कपूरथला, मलेरकोटला और संगरूर में मेडिकल कॉलेज बनाने रहे हैं, ताकि युवाओं को यूक्रेन जैसे देशों में एमबीबीएस पढ़ने न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि यूक्रेन की लड़ाई के समय कई युवाओं वहां फंस गए थे, जिन्हें बड़ी मुश्किल से निकाला था। वहीं, उन्होंने कहा कि भीमराव अंबेडकर ने कहा था कि “विद्या शेरनी के दूध के समान है, जो इसे पी लेगा, वह दहाड़ेगा।” इसीलिए हम स्कूल ऑफ एमिनेंस खोल रहे हैं और अध्यापकों को सिंगापुर व फिनलैंड में ट्रेनिंग के लिए भेज रहे हैं।

शहीदों की शहादत को सलाम करते हैं-मान
वहीं, सीएम भगवंत मान ने खुद एक अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक पोस्ट शेयर की है। जिसमें उन्होंने लिखा है – जंग ए आजादी के महानायक शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव जी की महान शहादत को कोटि-कोटि प्रमाण करते हैं।
हमारे देश के योद्धाओं ने देश की आजादी के लिए फांसी के रस्सियां चूमीं और हंसते हंसते शहादत का जाम पिया। यह महान शहीदतें हमारी आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी। इन्कलाब जिंदाबाद
