जालंधर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 150 ग्राम गांजा सहित 2 तस्कर गिरफ्तार, 15 युवक नशा करते रंगे हाथों काबू

जालंधर । नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई करते हुए कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने बड़ी सफलता हासिल की है। चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने दो कुख्यात नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनसे कुल 150 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही, पुलिस ने दो अलग-अलग ऑपरेशनों में 15 व्यक्तियों को नशा करते हुए रंगे हाथों पकड़ने में सफलता प्राप्त की है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस आयुक्त (Commissioner of Police) श्रीमती धनप्रीत कौर, आईपीएस ने बताया कि जालंधर पुलिस लगातार नशा तस्करों और सप्लायर्स के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में एडीसीपी–1 श्रीमती आक्रशी जैन और एसीपी सेंट्रल श्री अमनदीप सिंह की देखरेख में गठित विशेष पुलिस टीम ने दो नशा तस्करों — ढोला राम (पुत्र रत्ती राम, निवासी भीम नगर, काज़ी मंडी, जालंधर) और सीमा (पत्नी सुनील, निवासी तंदूर वाली गली, भीम नगर, काज़ी मंडी, जालंधर) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान ढोला राम से 100 ग्राम और सीमा से 50 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

इस मामले में एफआईआर नंबर 288 दिनांक 06.10.2025, धारा 20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत थाना रामा मंडी, जालंधर में दर्ज की गई है। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से ही 5 केस एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हैं। वहीं, दूसरे ऑपरेशन में रामा मंडी थाना पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एलड्डेवाल चौक स्थित पीबी08 रेस्टोरेंट पर छापा मारा, जहां कुछ युवक नशे का सेवन कर रहे थे और उनके पास तेजधार हथियार भी थे। मौके से पुलिस ने 15 व्यक्तियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया, जिनके पास से 3 यूज्ड फॉइल्स, 2 लाइटर्स, 3 ग्राइंडर्स और 2 चाकू बरामद किए गए। इस मामले में एफआईआर नंबर 289 दिनांक 07.10.2025, धारा 27 एनडीपीएस एक्ट व 25 आर्म्स एक्ट के तहत थाना रामा मंडी में केस दर्ज किया गया है। कमिश्नर ऑफ पुलिस श्रीमती धनप्रीत कौर ने स्पष्ट कहा कि नशे के धंधे में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जालंधर को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस की यह जंग लगातार जारी रहेगी।

Share This Article
Leave a comment