
जालंधर के वेस्ट हलके में 66 फीट रोड पर स्थित इंडसइंड बैंक के एटीएम से लोगों को फटे और पुराने नोट मिले। सबसे पहले एक व्यक्ति ने 10 हजार रुपए निकाले, जिनमें 500-500 के कई नोट न केवल फटे हुए थे बल्कि उनकी प्रिंट क्वालिटी भी बेहद खराब थी। इसके कुछ मिनट बाद एक और युवक ने 4 हजार रुपए निकाले और उसे भी इसी तरह के खराब व संदिग्ध नोट मिले।
सिक्योरिटी गार्ड से की पूछताछ
लोगों के जमा होने पर एटीएम के सिक्योरिटी गार्ड से पूछताछ की गई, लेकिन उसने साफ कहा कि उसे नोटों के बारे में कोई उसे कोई जानकारी नहीं है। गार्ड ने बताया की उसने पूरी घटना की सूचना अधिकारी को दे दी, जिन्होंने मशीन तुरंत बंद करने के निर्देश दिए। साथ ही आश्वासन दिया गया कि पीड़ितों के पैसे जांच के बाद वापस कर दिए जाएंगे।
नोटों की हालत देखकर लोग परेशान
उसमान गांव के रहने वाले राजवीर,जो इस घटना के मुख्य पीड़ितों में से एक हैं, उन्होंने बताया कि वह अपनी 10 हजार रुपए की मासिक सैलरी निकालने आए थे, लेकिन नोटों की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने कहा कि यह उनकी महीने भर की पूरी कमाई थी और ऐसे खराब नोट निकलने से उनके सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है। घटना के समय 2 से 3 अन्य लोग भी एटीएम से पैसे निकालने आए थे, जिन्होंने बताया कि मशीन से लगातार खराब और संदिग्ध गुणवत्ता वाले नोट निकल रहे थे।धीरे-धीरे भीड़ बढ़ती गई और एटीएम के बाहर देर रात तक हंगामा होता रहा। स्थानीय निवासियों ने भी एटीएम की कैश मैनेजमेंट सिस्टम पर सवाल उठाए और बैंक प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है।
