तरनतारन में लंगर की सेवा कर रहे युवकों पर गोलियों की बौछार, 1 की मौत-3 घायल

शव को अस्पताल के बाहर रखकर प्रदर्शन करते हुए मृतक के परिजन।
- Advertisement -

तरनतारन– पंजाब के तरनतारन में शनिवार दोपहर लंगर की तैयारी कर रहे युवकों पर 10 हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने 12 राउंड फायर किए, जिसमें 19 वर्षीय युवक की पेट में गोली लगने से मौत हो गई। जबकि तीन युवक घायल हो गए।

युवक शनिवार रात होने वाले माता के जागरण के लिए लंगर तैयार कर रहे थे। दोपहर करीब 2 बजे वे लंगर का सामान लेकर एक जगह जुटे थे। इसी दौरान 2 बाइक पर पहुंचे युवकों ने अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग से मौके पर भगदड़ मच गई। गोली लगने से चार युवक घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें युवक की जान चली गई।

वारदात के बाद मृतक और घायलों के परिजनों ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उनका आरोप है कि हमलावरों की ओर से पहले भी धमकियां दी जा रही थीं और इस संबंध में पुलिस चौकी में कई बार लिखित शिकायतें दी गई थीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। गुस्साए परिजनों ने मृतक का पोस्टमॉर्टम करवाने से इनकार कर दिया और अस्पताल के बाहर शव रखकर जाम लगा दिया।

अस्पताल में घायल युवकों का उपचार होता हुआ।
अस्पताल में घायल युवकों का उपचार होता हुआ।

जानिए पूरा मामला

जागरण के लिए लंगर का सामान लेकर जुटे थे युवक

माता नैना देवी सेवक सभा की ओर से शनिवार रात 26वां विशाल भगवती जागरण करवाया जाना था। इसके लिए सभा से जुड़े युवक लंगर की व्यवस्था में लगे हुए थे। शनिवार दोपहर करीब 2 बजे युवक लंगर का सामान लेकर मोहल्ला गुरु का खूह में महाराजा रणजीत सिंह पब्लिक स्कूल के पास पहुंचे थे। वे तैयारी में जुटे थे, तभी वहां मोटरसाइकिलों पर हमलावर आ गए।

साथियों के साथ पहुंचा हमलावर, गोलियां बरसाईं

जानकारी के अनुसार, मोहल्ले के बदमाश मोहित कुमार अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिलों पर पहुंचा था। उसके साथ हरप्रीत सिंह हैप्पी, लवप्रीत सिंह, विशाल गिल, रघु कुमार, विनय कुमार और कुछ अज्ञात लोग भी थे। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों की संख्या करीब 10 थी। इनमें से लगभग चार युवकों ने पिस्तौलों से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल पुलिस चौकी टाउन के पास ही है।

पेट में गोली लगने से सुखराज की मौत, तीन अस्पतालों में भर्ती

फायरिंग में 19 वर्षीय सुखराज सिंह निवासी मोहल्ला गुरु का खूह के पेट में गोली लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। वहीं राकेश कुमार काका पुत्र मुख्तियार सिंह, ऋषि कुमार पुत्र तरसेम सिंह और बॉबी कुमार पुत्र धीरा सिंह भी गोली लगने से घायल हो गए। राकेश को गुरु नानक देव सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जबकि ऋषि और बॉबी का सिविल अस्पताल तरनतारन में उपचार चल रहा है।

अस्पताल के बाहर विलाप करते हुए मृतक के परिजन।
अस्पताल के बाहर विलाप करते हुए मृतक के परिजन।

सवा घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस, अस्पताल में जताया रोष

घटना के करीब सवा घंटे बाद डीएसपी सुखबीर सिंह, थाना सिटी प्रभारी परमजीत सिंह विर्दी और पुलिस चौकी टाउन के इंचार्ज गुरप्रीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इससे पहले मृतक और घायलों के परिजनों ने सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पुलिस के खिलाफ रोष जताया। परिजनों ने आरोप लगाया कि इतनी गंभीर वारदात के बावजूद पुलिस समय पर नहीं पहुंची।

शव सड़क पर रखकर लगाया जाम, पोस्टमॉर्टम से किया इनकार

पुलिस कार्रवाई से नाराज परिजनों ने सुखराज का पोस्टमॉर्टम करवाने से इनकार कर दिया। वे शव को स्ट्रेचर पर रखकर अस्पताल के बाहर मुख्य सड़क पर ले आए और वहीं बैठ गए। इससे सड़क के दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही रुक गई। परिजनों का कहना था कि जब तक उनकी शिकायतों पर कार्रवाई और आरोपियों के खिलाफ ठोस कदम नहीं उठाए जाते, वे पीछे नहीं हटेंगे।

पहले भी मिल रही थीं धमकियां, चौकी में दी थीं शिकायतें

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्हें लंबे समय से गैंगस्टरों की ओर से धमकियां मिल रही थीं। इस संबंध में पुलिस चौकी टाउन के प्रभारी को कई बार लिखित शिकायतें भी दी गई थीं। इसके बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। परिवार का कहना है कि समय रहते शिकायतों पर ध्यान दिया जाता तो शायद सुखराज की जान बच सकती थी।

निजी रंजिश से जुड़ा लग रहा मामला: SSP

एसएसपी तरनतारन सुरिंदर कुमार लांबा ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला निजी रंजिश से जुड़ा लग रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में ली जा रही है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं।

Share This Article
Leave a comment