पंजाब में खुलेंगे 333 नए पिंड क्लीनिक, नकोदर के दो गांवों को भी मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा

- Advertisement -

नकोदर– पंजाब सरकार राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करने के लिए 333 नए पिंड क्लीनिक खोलने जा रही है। इसके बाद राज्य में पिंड क्लीनिकों की कुल संख्या बढ़कर 591 हो जाएगी। नकोदर की विधायक इंद्रजीत कौर मान ने बताया कि उनके क्षेत्र के दो गांवों में भी जल्द यह सुविधा शुरू होगी। इनमें खीवा और गोरसियां पीरां गांव शामिल हैं। इसके अलावा राज्य के सभी जिला सिविल अस्पतालों में MRI और CT स्कैन की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है। सरकार ने नवंबर के अंत तक इन मशीनों को स्थापित करने का लक्ष्य रखा है।

258 क्लीनिक अभी कर रहे काम

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने राज्य में 333 नए पिंड क्लीनिक खोलने की घोषणा की है। फिलहाल पंजाब में 258 पिंड क्लीनिक संचालित हैं। नए क्लीनिक शुरू होने के बाद इनकी संख्या 591 हो जाएगी।

विधायक इंद्रजीत कौर मान ने बताया कि औजला गांव में चल रहे पिंड क्लीनिक से स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। अब खीवा और गोरसियां पीरां गांवों में भी जल्द क्लीनिक शुरू किए जाएंगे।

जिला अस्पतालों में MRI और CT स्कैन की सुविधा

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में नवंबर के अंत तक सभी जिला सिविल अस्पतालों में MRI और CT स्कैन मशीनें लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि पिंड क्लीनिकों से लेकर जिला अस्पतालों तक जरूरी दवाइयां, लैब टेस्ट और मेडिकल स्टाफ उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment