लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में शनिवार की दोपहर जीटीबी नगर मुंडियां में दिनदहाड़े महिला की हत्या की दी गई। महिला घर के बाहर अपनी बेटी के साथ बैठी थी। इसी दौरान बदमाश वहां आया और दोनों पर फायरिंग कर दी। बेटी ने किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन महिला के सिर पर गोली लग गई।
इसके बाद बदमाश वहां से भाग गया। गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसी आए और घायल महिला को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृतक करार दे दिया। इसकी लोकल पुलिस को सूचना दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
उधर, मृतक महिला की पहचान पूनम पांडे के रूप में हुई है। वारदात के बाद पूनम की बेटी अभी सहमी हुई है। बेटे ने बताया कि उनकी किसी से रंजिश नहीं है। फिलहाल, पुलिस मोहल्ले और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक कर रही है, ताकि हत्यारे का पता लगाया जा सके।


काली जैकेट और टोपी पहने हुआ था बदमाश
महिला की बेटी ने बताया कि एक व्यक्ति काले रंग की जैकेट और टोपी पहन कर आया था। उसने पहले मेरे पर गोली चलाई, लेकिन मैं एक तरफ हो गई, जिस कारण मेरा बचाव हो गया। उसने फिर मां के सिर के पिछले हिस्से में गोली मारी। इसके बाद मां लहूलुहान होकर वहीं गिर गई। वारदात के बाद बदमाश वहां से भाग गया।
पड़ोसी ने पहुंचाया सिविल अस्पताल, नहीं बची जान
पड़ोसी हरविंदर ने कहा कि मैं खाना खा रहा था। तभी इलाके से मुझे किसी ने बताया कि पिछली गली में गोली चली है। मैंने जाकर देखा कि एक महिला जमीन पर गिरी हुई थी। मैंने तुरंत अपनी गाड़ी निकाली और महिला को अस्पताल लेकर आ गया। महिला की जान बचाने के लिए मैंने काफी तेज अपनी गाड़ी भी भगाई, लेकिन उसकी हालत बहुत खराब थी।
पड़ोसी बोला- हत्यारा घर के अंदर भी गया था
पड़ोसी हरविंदर ने बताया कि घटनाक्रम के बारे में इतना पता चला कि गोली चलाने वाले बाइक पर आए थे और शायद एक से ज्यादा था। यह भी पता चला है कि गोली चलाने वाला घर के अंदर गया था। घायल महिला को अस्पताल लाने के बाद मैंने लोकल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही लोकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार से मामले की जानकारी ली।
